गुरुग्राम में बनेगा 3 KM लंबा नया एलिवेटेड रोड, ये होगा रूट; GMDA ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शहर में एक नया एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया है। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर हरियाणा सरकार को भेज दिया गया है, जिस पर मंजूरी मिलने के बाद एनएचएआई इस शुरू कर देगा।

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक करीब 3 किमी लंबा एलिवेटेड रोड बनाने के प्रस्ताव को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार को भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से इस एलिवेटिड रोड के निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
प्रदेश के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने तीन महीने पहले इस रोड के निर्माण को लेकर जीएमडीए और एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने निर्देश जारी किए थे कि हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाए। इस एलिवेटेड रोड को सेक्टर-10 बस डिपो तक बनाया जाए। इससे द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर हाईवे आपस में जुड़ जाएंगे। वाहन चालकों को आवागमन में यातायात जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। इसके निर्माण पर करीब 181 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
तीन-तीन लेन का एलिवेटेड रोड होगा
जीएमडीए ने इस डिजाइन और एस्टीमेट को मंजूरी के लिए सरकार को भेज दिया। इसके तहत तीन-तीन लेन की एलिवेटेड रोड होगी। इसके अलावा दो-दो लेन की दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा।
पांच साल से योजना बन रही
हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक रोड को बेहतर बनाने की योजना पिछले पांच साल से बन रही है। बार-बार इस योजना में बदलाव किया जा रहा है। पहले योजना थी कि इस रोड की चौड़ाई को बढ़ाया जाए। दोनों तरफ तीन-तीन लेन की रोड और दो-दो लेन की सर्विस रोड बनाई जाए। उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बनाया जाए। इसके बाद बदलाव हुआ कि मोहम्मदपुर, सेक्टर-37 और उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बनाए जाएं।
योगेश तिलक, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई, ''जीएमडीए को एलिवेटेड रोड का एस्टीमेट और डिजाइन सौंप दिया है। मंजूरी के बाद निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा। बिजली, पानी और सीवर की लाइनें स्थानांतरित होंगी।''
अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए, ''एलिवेटेड निर्माण को मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार को भेजा है। एनएचएआई के जरिये निर्माण होगा।''
गांव शिकोहपुर में विकास कार्य होंगे
गुरुग्राम जिले के मानेसर नगर निगम के कमिश्नर प्रदीप सिंह ने सोमवार को वार्ड 17 के गांव शिकोहपुर का दौरा किया। इस विशेष दौरे के दौरान उन्होंने गांव के लोगों की सभी समस्याएं बड़े ध्यान से सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांव में विकास कार्य तेज होंगे। साथ ही मौके पर मौजूद सभी निगम अधिकारियों को गांव की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए जरूरी निर्देश भी दिए गए। कमिश्नर ने स्पष्ट रूप से कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए लोगों की स्थानीय जरूरतों को समझना बहुत आवश्यक है। उन्होंने गांव में रुके हुए विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करने का आदेश दिया। इस दौरे का मुख्य रूप से यह असर रहा कि गांव शिकोहपुर में रुके हुए जरूरी कामों को फिर से शुरू करवाने का रास्ता साफ हो गया है।




साइन इन