Getting water connection in Gurugram is now more easy only these 3 documents will be required गुरुग्राम में पानी का कनेक्शन लेना हुआ अब बेहद आसान, बस इन 3 चीजों की होगी जरूरत, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में पानी का कनेक्शन लेना हुआ अब बेहद आसान, बस इन 3 चीजों की होगी जरूरत

गुरुग्राम में अब पेयजल का कनेक्शन आसानी से मिल जाएगा। लोगों को नया कनेक्शन लेने या अपने पुराने अवैध कनेक्शन को वैध कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

Mon, 18 May 2026 06:52 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में पानी का कनेक्शन लेना हुआ अब बेहद आसान, बस इन 3 चीजों की होगी जरूरत

गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए पेयजल कनेक्शन की प्रक्रिया को बेहद आसान कर दिया है। एमसीजी पेयजल कनेक्शन देने की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने, कम दस्तावेज और कम समय में देने वाला हरियाणा में पहला नगर निगम बन गया है।

अब आमजन को पेयजल का नया कनेक्शन लेने या अपने पुराने अवैध कनेक्शन को वैध कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नए और सरल नियमों के तहत एक सप्ताह में कनेक्शन देने की यह पूरी प्रक्रिया कर ली जाएगी। बता दें कि पहले निगम में पानी का कनेक्शन लेना एक लंबी और जटिल प्रक्रिया थी। इसमें लोगों को स्वामित्व प्रमाण (रजिस्ट्री या डीड), प्लंबर की रिपोर्ट, पास हुआ भवन का नक्शा, हाउस टैक्स की रसीद, पहचान पत्र, पटवारी की रिपोर्ट और फोटो जैसे 7 तरह के कागजों की फाइल तैयार करनी पड़ती थी। इस पूरी प्रक्रिया में लोगों का बहुत समय बर्बाद होता था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में बढ़ेंगे नौकरियों के मौके, 10 कंपनियों ने सोहना IMT में मांगी जमीन

पानी कनेक्शन के लिए बस ये कागज जरूरी

निगम ने जनता की इस परेशानी को समझते हुए नियमों में ऐतिहासिक बदलाव किया है। अब केवल आधार कार्ड, संपत्ति कर आईडी और मकान की एक फोटो देकर ही पानी का कनेक्शन आसानी से मिल जाएगा।

आवेदनकर्ता को इन बातों का ध्यान रखना होगा

पेयजल कनेक्शन के लिए नगर निगम की वेबसाइट पर जैसे ही संपत्तिकर आईडी और आधार नंबर डाला जाएगा, तो तुरंत पूरी डिटेल अपने आप आ जाती है। इसके बाद आवेदनकर्ता को अपने एरिया के प्लंबर के नाम को चुनना होता है। इसमें प्लंबर की रिपोर्ट भी ऑनलाइन होगी, जबकि अन्य नगर निगमों में प्लंबरों की रिपोर्ट ऑफलाइन की जाती है। नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, शहर में फिलहाल कुल 7 लाख 20 हजार संपत्ति कर आईडी रजिस्टर्ड हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सोहना रोड को जाम फ्री करने का प्लान तैयार, सुभाष चौक के पास होंगे ये काम

अधिकृत प्लंबरों को एक हजार तक का इनाम मिलेगा

शहर में पानी की चोरी रोकने और निगम का राजस्व बढ़ाने के लिए अधिकृत प्लंबरों को भी इस खास मुहिम से जोड़ा गया है। निगम की सदन बैठक में पास हुए नए प्रस्ताव के अनुसार, अब उपभोक्ताओं से लिए जाने वाले कनेक्शन या डिस्कनेक्शन शुल्क का 50 प्रतिशत हिस्सा (अधिकतम एक हजार रुपये तक) अधिकृत प्लंबरों को प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) के रूप में दिया जाएगा।

● शहर में कुल पंजीकृत संपत्तिकर आईडी: 7 लाख 20 हजार

● निगम के पास कुल वैध पानी के कनेक्शन: 1 लाख 93 हजार

● मीटर वाले पानी के कनेक्शनों की संख्या: 50 हजार

● अवैध रूप से चल रहे कनेक्शन (अनुमानित): तीन लाख तक

प्रदीप दहिया, निगम आयुक्त, गुरुग्राम, ''लोगों को अब आसानी से पेयजल का कनेक्शन मिलेगा। लोग अब आधार कार्ड और संपत्तिकर आईडी से ही अवैध पानी के कनेक्शन को वैध भी करवा सकते हैं। अवैध कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई की जाएगी।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के फर्स्ट फेज का काम शुरू, 3 गांवों में खरीदी जाएगी जमीन
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।