Gurugram-Alwar Highway : गुरुग्राम-अलवर हाईवे पर बनेगा 3 KM लंबा फ्लाईओवर; ये है रूट
Gurugram-Alwar Highway : गुरुग्राम-अलवर हाईवे (एनएच 248ए) पर सोहना के अंबेडकर चौक पर 3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा। यह फ्लाईओवर दमदमा चौक से शुरू होगा, जो निरंकारी बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल कॉलेज तक जाएगा।

Gurugram-Alwar Highway : गुरुग्राम-अलवर हाईवे (एनएच 248ए) पर सोहना के अंबेडकर चौक पर 3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा। यह फ्लाईओवर दमदमा चौक से शुरू होगा, जो निरंकारी बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल कॉलेज तक जाएगा। फरवरी के अंत में इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इसको लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दावा कर रहा है कि दो साल के अंदर यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से वाहन चालकों को अंबेडकर मार्ग पर ट्रैफिक जाम में फंसना नहीं पड़ेगा। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर राजीव चौक से लेकर दमदमा चौक तक एलिवेटेड रोड बना हुआ है।
करीब 300 करोड़ रुपये की आएगी लागत
दमदमा चौक पर उतरने के बाद वाहन चालकों को नूंह जाने के लिए अंबेडकर चौक पर ट्रैफिक जाम में कई बार फंसना पड़ता था। इस चौक पर सोहना-पलवल मार्ग और सोहना-तावडू मार्ग आकर मिलते हैं। ट्रक और डंपर अधिक चलने की वजह से सोहना से नूंह, फिरोजपुर झिरका होते हुए अलवर जाने वाले वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। इसको देखते हुए करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से इस नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने पिछले साल इस फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर टेंडर आमंत्रित किए थे। तकनीकी और वित्तीय बिड को खोलने के बाद इस टेंडर को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा गया था। केंद्र सरकार ने टेंडर को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब यह टेंडर चयनित कंपनी को आवंटित कर दिया जाएगा। टेंडर आवंटित होने के बाद यह कंपनी निर्माण कार्य शुरू कर देगी।

अंबेडकर चौक पर प्रवेश और निकासी होगी
इस फ्लाईओवर में अंबेडकर चौक पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था होगी। यदि किसी वाहन चालक ने पलवल की तरफ जाना है तो वह पलवल की तरफ मुड़ जाएगा। यदि तावडू से आ रहे किसी वाहन चालक ने गुरुग्राम की तरफ जाना है तो वह इसके ऊपर चढ़ सकता है। बताया जा रहा है कि अंबेडकर चौक के अलावा दमदमा चौक, बालूदा मोड़, थाना शहर चौक पर लगने वाला ट्रैफिक जाम इस वजह से कम हो जाएगा।
स्थानीय लोग लंबे समय से चुंगी नंबर एक के पास गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड मार्ग पर गुरुग्राम आने-जाने के लिए कट की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक फ्लाईओवर की शुरुआत में कट दिया जाएगा।
लंबी दूरी के वाहन चालकों को राहत मिलेगी
राजीव चौक से यदि किसी वाहन चालक ने नूंह या अलवर की तरफ जाना है तो उसे सोहना में नहीं उतरना होगा। वह फ्लाईओवर की मदद से बाहर निकल जाएगा। इसके बनने से नूंह, फिरोजपुर झिरका, नगीना, पुन्हाना, पिनगवां, तावडू, रेवाड़ी, पलवल, आगरा, मथुरा आने-जाने वाले वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।
तपेश कुमार, उपमंडल अधिकारी, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, ''नेशनल हाईवे 248ए पर 3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा। इसके निर्माण पर 300 करोड़ रुपये की लागत आएगी। केंद्र सरकार ने टेंडर को मंजूरी प्रदान कर दी है। अगले महीने में टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा। इसके बनने से वाहन चालकों को काफी लाभ होगा।''




साइन इन