मुस्लिम वोट बैंक के पीछे सांप्रदायिक हो गई TMC; ममता बनर्जी के खास ने लगाए तीखे आरोप
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लगातार तृणमूल कांग्रेस के नेताओं से हमलों का सामना करना पड़ रहा है। असम टीएमसी चीफ अभिजीत मजूमदार ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद पार्टी पर मुस्लिम तुष्टीकरण करने का आरोप लगाया।

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की सत्ता जाने के बाद ममता बनर्जी को एक के बाद एक झटके लगते जा रहे हैं। नेता और कार्यकर्ता लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं। इतना ही नहीं जाने वाले सीधे-सीधे ममता बनर्जी और उनकी नीयत के ऊपर ही सवाल उठा रहे हैं। इस फेहरिस्त में नया नाम शामिल हुआ है असम तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व चीफ अभिजीत मजूमदार का। उन्होंने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दिया और ममता बनर्जी के ऊपर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सभी वर्गों की जगह केवल मुस्लिम वोट बैंक के पीछे लगी हुई है।
कभी तृणमूल कांग्रेस से संस्थापक सदस्यों में से एक रहे अभिजीत ने कहा कि पार्टी की स्थिति ने उन्हें काफी दुखी किया है। इसी वजह से उन्होंने इसे छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस के साथ मैं शुरुआत से ही जुड़ा रहा हूं। मैं पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक था। मैंने असम में पार्टी को बढ़ाने में मदद की, लेकिन आज मुझे कहना पड़ रहा है कि पार्टी ने अपना विजन खो दिया है। अब, वह जो कुछ बची है, वह एक सांप्रदायिक संगठन है, जो सभी समुदायों के बजाय केवल मुस्लिमों के साथ खड़ा हुआ नजर आता है। पार्टी केवल मुस्लिम वोट बैंक के पीछे भाग रही है।"
राष्ट्रीय नहीं क्षेत्रीय पार्टी है टीएमसी: अभिजीत मजूमदार
अभिजीत ने ममता बनर्जी के उस दावे की भी हवा निकाल दी, जिसमें वह दावा करती हैं कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर है। अभिजीत ने कहा, "तृणमूल कांग्रेस एक बंगाल केंद्रित पार्टी है, जिसका संचालन ममता बनर्जी करती हैं। टीएमसी ने असम को नजरअंदाज किया। एक हिंदू बंगाली नेता होने के नाते मैंने अपने समुदाय की रक्षा करने के लिए आवाज देने का बहुत प्रयास किया। मैंने अपनी बात को पार्टी नेतृत्व तक भी पहुंचाने की कोशिश की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्टी के फैसले समुदाय के खिलाफ गए। इसलिए अब मैंने पार्टी को छोड़ने का फैसला किया।"
बता दें, पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद टीएमसी लगातार बिखराव का सामना कर रही है। पार्टी से लगातार बड़े-बड़े दिग्गज नेता पद छोड़ रहे हैं। हाल ही में ममता बनर्जी की करीबी कोकाली घोष दास्तीदार ने भी तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पद से इस्तीफा देने के बाद भी वह एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में काम करती रहेंगी। इससे पहले, सैंकड़ों टीएमसी कार्यकर्ता पार्टी को छोड़ चुके हैं।




साइन इन