ममता बनर्जी के सत्ता से हटते ही TMC के बुरे दिन! भतीजे अभिषेक के घर पहुंची CID टीम
ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर एक बार फिर से ऐक्शन की तैयारी हो रही है। शनिवार को सीआईडी की एक 5 सदस्यीय टीम अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित घर पहुंची है।

ममता बनर्जी के पश्चिम बंगाल की सत्ता से हटते ही तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। भतीजे अभिषेक बनर्जी पर एक बार फिर से ऐक्शन की तैयारी हो रही है। शनिवार को सीआईडी की एक 5 सदस्यीय टीम अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित घर पहुंची है। हालांकि, वे अपने घर पर नहीं थे।
सांसद अभिषेक के आवास पर CID के लगभग पांच अधिकारी मौजूद थे। बनर्जी के स्टाफ ने जवाब दिया कि उन्हें नहीं पता कि सांसद इस समय कहां पर हैं। अभी यह साफ नहीं है कि सीआईडी ने अभिषेक के घर शांतिनिकेतन पर छापा क्यों मारा। माना जा रहा है कि CID के अधिकारी विधानसभा में तृणमूल पार्लियामेंट्री पार्टी के लेटर पर साइन को लेकर हुए विवाद की जांच के लिए अभिषेक से बात करने गए थे। उस घर पर नोटिस सर्व किया जा सकता है। CID ने पहले इस केस में कुणाल घोष से पूछताछ की थी।
पश्चिम बंगाल में पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में टीएमसी की करारी हार हुई है। 15 साल से सत्ता में रही टीएमसी को बाहर का रास्ता देखना पड़ा। भाजपा को कुल 208 सीटें मिलीं, जबकि टीएमसी 80 सीटें जीतीं। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी और शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बने। ममता बनर्जी की हार के बाद टीएमसी में बड़ी फूट देखने को मिल रही है। कई सांसद और विधायक खुलकर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। वहीं, भाजपा ने दावा किया है कि करीब 50 विधायक और 20 सांसद पार्टी छोड़कर भगवा दल ज्वाइन कर सकते हैं, अगर केंद्रीय नेतृत्व हरी झंडी दे।
तृणमूल पार्टी की तरफ से विधानसभा में जमा किए गए पत्र में आरोप लगाया गया था कि कई विधायकों के सिग्नेचर में असमानताएं थीं। सीआईडी जांच में कोलकाता पुलिस की मदद कर रही है। इससे पहले, इसी जानकारी के आधार पर सीआईडी के अधिकारी चौरंगी विधायक नैना बनर्जी और बेलेघाटा विधायक कुणाल घोष के घर जाकर पूछताछ की थी।
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एक और शिकायत
इससे पहले, अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज की गई थी। यह शिकायत सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर है, जिसमें गुजराती समुदाय को निशाना बनाया गया है। शिकायत गुरुवार रात भवानीपुर के रहने वाले अर्णब कांति दास ने दर्ज कराई। उन्होंने टीएमसी सांसद पर आरोप लगाया है कि उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए गुजरातियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अभिषेक ने गुजराती समुदाय का जिक्र इस तरह से किया है, जिससे सांप्रदायिक नफरत फैल सकती है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।




साइन इन