पेट्रोल गटकने वाली सुपर बाइक चलाते दिखे शुभेंदु अधिकारी के मंत्री, वायरल वीडियो पर बवाल
दिलीप घोष ने कहा कि वर्षों से कोलकाता की सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण से भरे हुए थे, जिसकी वजह से सड़कें संकरी हो गई थीं और ऐसी बाइक्स चलाना मुश्किल हो गया था। अब भाजपा सरकार की ओर से सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया है।

पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार में मंत्री दिलीप घोष शुक्रवार को सुपर बाइक चलाते नजर आए। अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर उन्होंने इसका वीडियो भी शेयर किया। घोष ने लिखा, ‘आज मैंने होंडा बिगविंग सुपर बाइक चलाई। यह एक हाई-स्पीड 1800 CC, 6-सिलेंडर वाली मोटरसाइकिल है। बाइक बेहद आरामदायक है और शानदार स्पीड देती है। पीछे काफी जगह है और सोफे जैसी पैसेंजर सीट है, जिससे राइडर बहुत आराम से बैठ सकता है।’
दिलीप घोष ने कहा कि वर्षों से कोलकाता की सड़कें और फुटपाथ अतिक्रमण से भरे हुए थे, जिसकी वजह से सड़कें संकरी हो गई थीं और ऐसी बाइक्स चलाना मुश्किल हो गया था। अब भाजपा सरकार की ओर से सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने आगे कहा, ‘युवा पीढ़ी को इन मोटरसाइकिलों को चलाने में अब कोई परेशानी नहीं होगी। शहर की रफ्तार बढ़ेगी। जैसे नई सरकार तेज गति से काम कर रही है, ठीक उसी तरह लोगों के रोजमर्रा के जीवन और काम की गति भी बढ़ेगी।’
बाइक वाले वीडियो पर क्यों उठे सवाल
सुपर बाइक चलाते दिलीप घोष का वीडियो वायरल होने पर कई इंटरनेट यूजर्स ने सवाल भी उठाए हैं। एक शख्स ने कहा, 'दिलीप बाबू 53 लाख की सुपर बाइक लेकर निकले हैं। एक पत्रकार ने पूछा कि बाइक पर क्यों तो जवाब था कि तेल बचा रहे हैं। सच ये है कि 1800+cc की ये सुपर बाइक तेल बचाती नहीं, तेल पीती है।' इसी तरह की टिप्पणियां कुछ अन्य यूजर्स ने भी की हैं। दिलीप घोष ऐसे समय सुपर बाइक चलाते दिखे हैं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील कर चुके हैं।
कितना माइलेज देती है यह सुपर बाइक
बता दें कि होंडा बिगविंग की शानदार सुपर बाइक होंडा गोल्ड विंग टूर एक प्रीमियम टूरिंग मोटरसाइकिल है, जिसमें 1833cc का पावरफुल फ्लैट 6-सिलेंडर बॉक्सर इंजन लगा है। यह हाई-स्पीड (230 kmph तक) और लंबी दूरी की यात्राओं के लिए डिजाइन की गई है, जिसमें 125 bhp पावर और 170 Nm टॉर्क मिलता है। 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, लग्जरी फीचर्स जैसे TFT डिस्प्ले, ऐपल कारप्ले, क्रूज कंट्रोल और आरामदायक सीटिंग के साथ यह बाइक राजसी अनुभव देती है। भारत में यह होंडा बिगविंग शोरूम्स के जरिए CBU इंपोर्ट के रूप में बिकती है। इसकी शोरूम कीमत लगभग 39.20 लाख से 42.82 लाख रुपये तक है। इसका माइलेज ARAI के अनुसार लगभग 14 kmpl है।




साइन इन