Today's Chanakya Exit Poll में तमिलनाडु में फिर से स्टालिन सरकार, एक्टर विजय की TVK को कितनी सीटें?
Today's Chanakya Exit Poll: टुडेज चाणक्या के सर्वे में अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की TVK को 63 सीटों के साथ एक बड़ी ताकत के रूप में उभरते दिखाया गया है, जबकि अन्य के खाते में 1 सीट जाने का अनुमान लगाया गया है।
Today's Chanakya Exit Poll: पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव तो संपन्न हो चुके हैं और बुधवार (29 अप्रैल) को ही कई एजेंसियों ने अपने-अपने एग्जिट पोल अनुमान जारी कर दिए हैं। लेकिन Today's Chanakya ने अपने आंकड़े आज जारी किए हैं। इस एजेंसी के सर्वे आंकड़ों के मुताबिक दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में फिर से DMK और कांग्रेस गठबंधन की वापसी होने जा रही है। सर्वे में कहा गया है कि 234 सदस्यों वाली विधानसभा में DMK की अगुवाई वाले इस गठबंधन को 125 सीटें मिल सकती हैं, जबकि मुख्य विपक्षी दल AIADMK और उसके गठबंधन को 45 सीटें मिलने का अनुमान है।
टुडेज चाणक्या के सर्वे में अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की TVK को 63 सीटों के साथ एक बड़ी ताकत के रूप में उभरते दिखाया गया है, जबकि अन्य के खाते में 1 सीट जाने का अनुमान लगाया गया है। अन्य को छोड़कर बाकी तीनों के लिए 11 सीटों के प्लस-माइनस का अनुमान जताया गया है। यानी जितनी सीटों का अनुमान जताया गया है, उनमें 11 घट या बढ़ सकती हैं।
किसे कितना वोट शेयर?
वोट परसेंट की बात करें तो टुडेज चाणक्या के सर्वे में कहा गया है कि डीएमके गठबंधन को करीब 39 फीसदी वोट शेयर मिलेंगे, जबकि विपक्षी AIADMK गठबंधन, जिसमें भाजपा भी शामिल है, को 27 फीसदी वोट से ही संतोष करना पड़ सकता है, जबकि ऐक्टर विजय की नई नवेली पार्टी TVK 30 फीसदी वोट पर कब्जा कर सकती है। अन्य के काते में 4 फीसदी वोट शेयर जाने का अनुमान लगाया गया है। सर्वे में सभी के लिए 3 फीसदी वोट प्लस माइनस का अनुमान लगाया गया है।
स्टालिन ने बुलाई पार्टी नेताओं की बैठक
एग्जिट पोल अनुमानों के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने पार्टी मुख्यालय में डीएमके के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की है और 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत की संभावनाओं का आकलन किया। यह बैठक विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा चुनाव के बाद जारी सर्वेक्षणों 'एग्जिट पोल' में द्रमुक के फिर से सत्ता में आने के संकेतो के बाद बुलायी गई।
अंतिम नतीजे 4 मई को
बैठक में डीएमके महासचिव दुरई मुरुगन, मंत्री एम. आर. के. पनीरसेल्वम और ई. वी. वेलु सहित अन्य नेता शामिल हुए। डीएमके सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान स्टालिन का ध्यान चार मई को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर रणनीति को अंतिम रूप देने और मतगणना प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहने वाले पार्टी के बूथ एजेंटों को निर्देश देने पर केंद्रित रहा।उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को हुए थे और मतों की गिनती चार मई को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।




साइन इन