बंगाल में नतीजे आते ही TMC कार्यालयों में तोड़फोड़, लगाई आग; ममता के उम्मीदवार से मारपीट
बरुईपुर में स्थानीय तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने पार्टी कार्यालय में लगे फ्लेक्स बोर्ड और बैनर फाड़ दिए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें जमीन पर फेंक दीं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ऐतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रही है। इस बीच, पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों में तोड़फोड़ और वहां लगे फ्लेक्स बोर्ड, बैनर व झंडों को फाड़े जाने की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, बीजेपी ने इन घटनाओं में किसी भी तरह शामिल होने से इनकार किया है। टीएमसी ने दावा किया कि चुनाव रुझान स्पष्ट होने के कुछ घंटों बाद दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर, कूच बिहार के तूफानगंज और उत्तर 24 परगना के पानिहाटी स्थित उसके कार्यालयों के बाहर उपद्रवी जमा हो गए और वहां तोड़फोड़ की।
बरुईपुर में स्थानीय तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने पार्टी कार्यालय में लगे फ्लेक्स बोर्ड और बैनर फाड़ दिए गए। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें जमीन पर फेंक दीं। सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बल तैनात किए गए और पार्टी कार्यालय के बाहर जमा भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। पश्चिम बर्धमान जिले के जमुरिया में अज्ञात लोगों ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में आग लगा दी।
टीएमसी के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़
तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के मुताबिक, आसनसोल में भी पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और इस घटना के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ था। पानिहाटी में तृणमूल नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालय पर कब्जा कर लिया गया और वहां लगे पार्टी ध्वज और साइनबोर्ड हटाकर उनकी जगह भगवा झंडे और कमल के चित्र लगा दिए गए। उत्तर 24 परगना के नोआपाड़ा से तृणमूल उम्मीदवार त्रिनांकुर भट्टाचार्य को बैरकपुर में एक मतगणना केंद्र से बाहर आते समय भाजपा समर्थकों ने पीट दिया। हालांकि, भाजपा नेता और नोआपाड़ा से पार्टी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया और कहा कि ये घटनाएं तृणमूल की आंतरिक कलह का नतीजा थीं।
पुलिस पर एक्शन ना लेने का आरोप
तृणमूल कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण भाजपा के संरक्षण वाले शरारती तत्व पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर सुनियोजित हमले कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्र से बाहर आते समय त्रिनांकुर भट्टाचार्य का भाजपा कार्यकर्ताओं से झगड़ा हो गया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। केंद्रीय बलों के कर्मियों और वहां मौजूद अन्य लोगों ने भट्टाचार्य को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकाला। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों को शांति बनाए रखने और किसी भी पार्टी के उम्मीदवार या समर्थकों पर हमले की घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।




साइन इन