बंगाल में जहां-जहां ममता के कैंडिडेट्स के लिए केजरीवाल ने किया था प्रचार, वहां कौन जीता?
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के उम्मीदवारों के लिए कई जगह प्रचार किया था। इसके अलावा, उन्होंने तमिलनाडु में स्टालिन के साथ भी रोड शो किया। आइए जानते हैं, उम्मीदवारों का क्या हुआ हाल....

Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान हो रहा है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जबकि असम और पुडुचेरी में भी वापसी कर रही। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी टीवीके ने कमाल कर दिया और सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इस चुनाव में सबसे बड़ा झटका ममता बनर्जी को लगा है, जहां डेढ़ दशक में सत्ता में रहने के बाद उनकी पार्टी को हार मिली है। टीएमसी को जिताने के लिए कई विपक्षी नेता पहुंचे थे, जिसमें आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी थे।
पिछले महीने केजरीवाल दो दिन के दौरे पर कोलकाता पहुंचे और बेलेघाटा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार कुणाल घोष के लिए रैली की। इस दौरान, उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा था। यह इलाका पू्र्वी कोलाकाता में आता है। यहां पर टीएमसी उम्मीदवार कुणाल घोष को बड़ी जीत मिली है। कुणाल टीएमसी के एक बड़े नेता हैं। उन्होंने 66 हजार से ज्यादा वोट हासिल किए हैं, जबकि दूसरे पायदान पर भाजपा उम्मीदवार पार्था चौधरी रहे, जिन्हें 36 हजार से ज्यादा वोट मिले।
केजरीवाल ने 26 अप्रैल को तीन रैलियों को संबोधित किया था, जिसमें दो कोलकाता में थी और एक हावड़ा में थीं। वह बालीगंज विधानसभा सीट पर टीएमसी के वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय के समर्थन करने पहुंचे थे। यहां पर भी शोभनदेव को जीत मिली, जबकि दूसरे नंबर पर भाजपा उम्मीदवार रहीं। शोभनदेब को एक लाख से ज्यादा वोट मिले हैं। वहीं, दक्षिण कोलकाता में पड़ने वाली रास बिहारी विधानसभा सीट पर भी उन्होंने रैली को संबोधित किया था। यहां से भाजपा के कद्दावर नेता स्वपन दासगुप्ता चुनावी मैदान में हैं। वे इस सीट से जीत रहे हैं। उन्हें 67 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं, जबकि टीएमसी उम्मीदवार देबाशीष कुमार दूसरे नंबर पर रहे।
तमिलनाडु में भी किया था रोड-शो
अरविंद केजरीवाल का चुनाव प्रचार सिर्फ पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं था, बल्कि तमिलनाडु में भी उन्होंने चेन्नई में एमके स्टालिन के साथ रोड शो किया। डीएमके की एक विशाल रैली में अरविंद केजरीवाल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ शामिल हुए और आरोप लगाया कि एआईएडीएमके भाजपा के नियंत्रण में है। उन्होंने एनडीए को नई दिल्ली गठबंधन बताया था। हालांकि, स्टालिन को खुद बड़ा झटका लगा और वे इस बार कोलाथुर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए हैं। तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 109 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।




साइन इन