अपने करीबी की हत्या पर क्या बोले शुभेंदु अधिकारी, कैसे हुआ था अटैक; चश्मदीद ने बताया
यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया। बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी।

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की चुनावी जीत के बीच सनसनीखेज वारदात हुई। इसमें संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या हो गई है। फिलहाल, हत्यारों का पता नहीं चल सका है। वहीं, अधिकारी का कहना है कि यह पहले से प्लान किया गया मर्डर था। खास बात है कि अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लगातार दूसरी बार चुनाव में हराया है।
क्या बोले अधिकारी
पत्रकारों से बातचीत में अधिकारी ने बताया है कि पुलिस को जांच में सबूत मिल गए हैं। उन्होंने कहा, 'यह एक पूर्व नियोजित हत्या है और डीजीपी ने भी यही कहा है। 2-3 दिनों तक रेकी की गई और हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है...। हम दुखी हैं और इस घटना की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। दिल्ली के हमारे पूरे नेतृत्व ने इस बारे में जानकारी ली है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मृतक के परिवार और पुलिस से बात की है...। कई नेता और चुने हुए विधायक अपने क्षेत्रों से यहां आए हैं...। पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वे जांच करेंगे...।'
साथ ही भाजपा विधायक ने चेतावनी दे दी है कि भाजपा गुंडों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, 'यह 15 साल के महा-जंगलराज का परिणाम है...। भाजपा यहां के गुंडों का सफाया करने का काम शुरू करेगी...।'
बाइक सवार हमलावरों ने मारी गोली
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया। बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी। हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए। रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे।
छाती पर लगी थीं कई गोलियां
रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी और उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय समाचार चैनलों के अनुसार, गोलीबारी में रथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया, 'पीड़ित को मृत अवस्था में लाया गया था। छाती पर कई गोलियां लगी थीं, एक गोली उनके पेट में भी लगी थी।'
चश्मदीद ने क्या देखा
एएनआई से बातचीत में चश्मदीद ने कहा, 'उनकी (चंद्रा) की कार मुझसे आगे निकली और अचानक आगे जाकर रुक गई। इतने एक बाइक सवार आता है और गाड़ी के लेफ्ट साइड गोलीबारी शुरू कर देता है...। वह व्यक्ति एक्सपर्ट लग रहा था...। इसके बाद वह तुरंत भाग गया...। ऐसा लग रहा था कि यह पहले से प्लान किया गया था...। पॉइंट ब्लैंक से गोलियां मारी गईं...। मैंने 2 राउंड की आवाज सुनी...। यह घटना रात 10.30से 11 बजे के बीच हुई है...। घटना अस्पताल से 200-300 मीटर दूर हुई...। जनता पीड़ित को अस्पताल लेकर आई और ड्राइवर को भी गोली लगी है...।'




साइन इन