मोहर्रम पर नई पंरपरा की नहीं मिलेगी अनुमति, माहौल खराब करने वालों पर होगी कार्यवाही: डीएम
Hapur News - डीएम कविता मीना और एसपी कुंवर ज्ञानेंजय सिंह ने मोहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बैठक की। बैठक में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ताजिया की ऊंचाई 5 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा और सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

डीएम कविता मीना व एसपी कुंवर ज्ञानेंजय सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सभागर कक्ष में आगामी मोहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण संपन्न कराने के लिए धर्म गुरूओं व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम कविता मीना ने कहा कि जनपद में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पुख्ता रहनी चाहिए, इसमें किसी तरह की लापरवाही न हो। मोहर्रम पर कोई भी नई परंपरा नहीं होनी चाहिए। साथ ही अलम-ताजिया सिर्फ पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाए, इसलिए कोई नई जगह की अधिकारी अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि ताजिया/अलम की ऊंचाई मानकों से अधिक न होनी चाहिए।
केवल पांच फीट से ज्यादा ऊंचाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों से ताजिया निकाले जाएंगे, वहां बिजली तारों को पहले ही ऊपर कर दिया जाए, ताकि ताजिया बिजली के तारों से न टकरा सकें।एसपी कुंवर ज्ञानेंजय सिंह ने कहा कि ताजिया व जुलुस के दौरान अस्त्र-शस्त्र पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। संवेदनशील जगहों पर पीएससी, पुलिस बल, दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रहेगी, इसलिए अफवाह, भड़काऊ पोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी है, अगर कोई पोस्ट मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। वहीं डीएम ने नगर पालिका को मुहर्रम वाले स्थानों पर विशेष रूप से साफ-सफाई व्यवस्था, गड्ढों को भरने, जलभराव से निपटने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर बदलने, मोबाइल ट्रांसफार्मर तैयार रखने के निर्देश दिए। सीएमओ को एम्बुलेंस और डॉक्टर जुलूस मार्ग पर तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धर्म गुरूओं से कहा कि भाईचारा बनाए रखें और पुलिस का सहयोग करें। जिले में शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार को संपन्न कराया जाए। रात में कार्यक्रम की अनुमति नहीं होगी।




साइन इन