मोहर्रम : 12 फीट से कम ही रखें ताजिये की ऊंचाई
Rampur News - रामपुर में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने मोहर्रम पर ताजिये की ऊंचाई 12 फीट से कम रखने की अपील की। शांति समिति की बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि कोई नई परंपरा लागू नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने का आश्वासन दिया।

रामपुर। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि मोहर्रम पर ताजिये की ऊंचाई 12 फीट से कम ही रखी जाए। वह सोमवार को विकासभवन सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मोहर्रम को निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए ही मनाया जाए और 12 फीट से अधिक ऊंचाई की ताजिया न रखें।
निर्देशों का पालन
उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान कोई नयी परंपरा लागू नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि लगातार मॉनिटरिंग करते रहें और जुलूस मार्गों का समय से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। बैठक में उपस्थित ताजियादारों एवं संभ्रांतजनों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं। जिनके समाधान हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
बिजली व्यवस्था
उन्होंने बिजली के तार को लेकर ताजिया निकलने के दौरान होने वाली समस्या को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को समय से पूर्व सभी क्षेत्र का भ्रमण करते हुए तारों की स्थिति को ठीक कराने के निर्देश दिये।
सुरक्षा की योजना
जिलाधिकारी ने मोहर्रम के दिन ट्रैफिक की समस्या से कोई दुर्घटना न हो, इसके लिए आरटीओ को सभी रूट का भ्रमण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। जुलूस के दौरान अराजक तत्वों, गतिविधियों, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने सभी से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन