RSS को अपने बेटे सुभेंदु अधिकारी पर गर्व; होसबोले बोले- परिवार में शामिल होने के लिए फार्म की जरूरत नहीं
पश्चिम बंगाल में भाजपा के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी की राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने तारीफ की है। संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि संघ को अपने बेटे सुभेंदु पर गर्व है। परिवार में शामिल होने के लिए किसी फार्म पर हस्ताक्षर करने की जरूरत नहीं है।

RSS proud of its son Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में सुभेंदु अधिकारी के रूप में भारतीय जनता पार्टी को अपना पहला मुख्यमंत्री मिला है। अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तरफ से भी अधिकारी की सार्वजनिक रूप से तारीफ की गई है। संघ की तरफ से कहा गया है कि उन्हें अपने 'बेटे' सुभेंदु अधिकारी पर गर्व है। संघ परिवार का हिस्सा बनने के लिए उन्हें किसी भी सदस्यता फार्म पर हस्ताक्षर करने की जरूरत नहीं है। यह ठीक उसी तरह है कि किसी नई बहू को परिवार का हिस्सा बनने के लिए किसी अलग फार्म को नहीं भरना पड़ता है।
पीटीआई को दिए इंटरव्यू में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने दूसरे दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं को लेकर अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि सुभेंदु अधिकारी, सम्राट चौधरी और हिमंत बिस्वा समेत उन तमाम नेताओं के बारे में संघ क्या सोचता है, जो दूसरे दलों से आकर भाजपा में काम कर रहे हैं। इसका जवाब देते हुए होसबोले ने कहा, "संघ परिवार खुश है कि भाजपा बढ़ रही है। इसका मतलब है कि पार्टी को बड़े स्तर पर स्वीकार किया जा रहा है। यह नए नेता भी धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और उसकी विचारधारा को समझने लगे हैं।"
बढ़ रहा है संघ परिवार: होसबोले
क्या संघ भाजपा में आने वाले नेताओं को अपने परिवार में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करता है। इसका जवाब देते हुए होसबोले ने कहा कि वह पहले से ही संघ का हिस्सा हैं। क्योंकि वह संघ के वैचारिक परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लिए कोई औपचारिक सदस्यता नहीं होती है। मैंने भी कोई सदस्यता नहीं ली। संघ एक परिवार जैसी व्यवस्था है। इसलिए जो भी इस परिवार में आता है, वह इसका हिस्सा बन जाता है। जो बहू किसी परिवार में आती है, उसे कोई फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होती। वह स्वाभाविक रूप से परिवार का हिस्सा बन जाती है।" सुभेंदु अधिकारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमें इस बेटे पर गर्व है।
बंगाल में निशाने पर रहे स्वयंसेवक: होसबोले
पश्चिम बंगाल विधानसभा में ऐतिहासिक जीत पर बात करते हुए संघ महासचिव ने कहा कि नागरिकों के रूप में उन्होंने (स्वयंसेवकों) ने बंगाल में सब कुछ किया है। उन्होंने कहा, "हमारे स्वयं सेवक पहले वामपंथ के समय में और फिर बाद में टीएमसी के समय में लगातार निशाने पर रहे हैं। वह भी केवल इसलिए क्योंकि वह सनातन और हिंदू की बात करते थे। शाखाएं चलाते थे और राष्ट्रभक्त लोगों का निर्माण करते थे। दशकों तक उन लोगों पर राज्य सरकार और उनके लोगों द्वारा हमला किया जाता रहा था। बंगाल का यह संघर्ष केवल संघ का नहीं बल्कि पूरे हिंदू समाज का था। इसलिए इस चुनाव में हिंदू मतदाता, हिंदू कार्यकर्ता बन गए और भाजपा को वोट दिया।
गौरतलब है कि भाजपा संघ परिवार की राजनीतिक इकाई के रूप में काम करती है। 2014 में केंद्र में सत्ता आने के बाद से भाजपा के साथ कई दूसरी पार्टियों के नेता भी जुड़े हैं। इसमें सबसे अहम असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत दर्जनों नेता शामिल हैं। वर्तमान में यह भाजपा का अहम हिस्सा हैं।




साइन इन