राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल, AAP से दिया था इस्तीफा
आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद राघव चड्ढा समेत तीन सांसद भाजपा दफ्तर पहुंचे और अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान, नवीन ने लड्डू खिलाकर पार्टी में स्वागत किया।

आम आदमी पार्टी में शुक्रवार को बड़ी टूट देखने को मिली। दस में से सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। इसमें राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भाजपा दफ्तर जाकर पार्टी ज्वाइन भी कर ली है। एक साथ सात सांसदों के पार्टी छोड़ने से अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने इसे गद्दारी बताते हुए राघव समेत अन्य सांसदों पर निशाना साधा है।
दो तिहाई सांसदों के आप छोड़ने की वजह से दलबदल कानून भी लागू नहीं होगा, जिससे इन सभी की सदस्यता भी बच गई है। आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद राघव समेत तीन सांसद भाजपा दफ्तर पहुंचे और अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान, नवीन ने लड्डू खिलाकर पार्टी में स्वागत किया। इन तीनों नेताओं के अलावा, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत साहनी भी शामिल हैं।
इससे पहले, दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) नेता राघव चड्डा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वे और आप के पांच अन्य राज्य सभा सदस्य भाजपा में शामिल हो रहे हैं। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते संदीप पाठक ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे हैं। वहीं, राघव चड्ढा ने कहा कि 'आप' के लगभग दो-तिहाई राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप पर निशाना साधते हुए चड्ढा ने कहा कि अब यह पार्टी देश के लिए नहीं, बल्कि अपने फायदे के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, ''पिछले कुछ सालों में, मुझे यह अहसास तेजी से हुआ है कि मैं गलत पार्टी में सही इंसान हूं। आज, मैं आप से अलग होने और जनता (आम लोगों) के साथ और ज्यादा करीब से काम करने के अपने फैसले का ऐलान करता हूं।
चड्ढा ने कहा कि पार्टी की बागी नेता स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह समेत कई राज्यसभा सदस्यों ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। चड्डा, पाठक और अशोक मित्तल ने दावा किया कि आप के दस में से सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी है।
'पंजाब की जनता इन 'गद्दारों' को कभी नहीं भूलेगी'
सात सांसदों के पार्टी छोड़ने पर AAP ने पलटवार किया है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि भाजपा ने पंजाब के सीएम भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों में रुकावट डालने का काम किया है। आप के 7 राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हो रहे हैं। पंजाब की जनता को इन सात नामों को याद रखना चाहिए। पंजाब की जनता इन्हें कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने आगे कहा, ''पंजाब सरकार पर 'ऑपरेशन लोटस' चलाया जा रहा है। इस 'ऑपरेशन लोटस' को अंजाम देने के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंजाब की जनता इन 'गद्दारों' को कभी नहीं भूलेगी।''




साइन इन