धोनी के बाद पीके बन गए तमिलनाडु में सबसे मशहूर बिहारी? विजय के लिए भविष्यवाणी सटीक निकली
टीवीके के स्थापना दिवस कार्यक्रम से पहले प्रशांत किशोर ने कहा था कि पार्टी 15 से 20 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रख सकती है। उन्होंने तर्क दिया कि मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग पुराने दो-दलीय सिस्टम से थक चुका है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने रुझानों में मजबूत बढ़त हासिल कर सभी को चौंका दिया। राज्य में लंबे समय से राजनीति पर काबिज DMK और AIADMK को तगड़ा झटका लगा है। फिलहाल 108 सीटों पर टीवीके आगे चल रही है। इस तरह पार्टी 100 से ज्यादा सीटें हासिल करती नजर आ रही है, जिससे यह साफ संकेत मिला कि राज्य की राजनीतिक दिशा बदलने वाली है।
TVK की इस चौंकाने वाली सफलता के बीच चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की एक पुरानी भविष्यवाणी वायरल हो गई है। उन्होंने दावा किया था कि विजय की पार्टी तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा असर डालेगी और अब उनके शब्द काफी हद तक सच होते दिख रहे हैं। पीके ने मजाकिया अंदाज में कहा था, 'मुझे तमिलनाडु में सबसे लोकप्रिय बिहारी बनना है। इसके लिए मुझे धोनी से मुकाबला करना होगा, जो चेन्नई सुपर किंग्स को जिताते हैं। उनका इशारा इस बात की ओर था कि राज्य में उनसे ज्यादा लोकप्रिय फिलहाल सिर्फ क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ही हैं।'
TVK नेताओं से क्या बोले थे प्रशांत किशोर
टीवीके के स्थापना दिवस कार्यक्रम से कई महीने पहले ही प्रशांत किशोर ने कहा था कि पार्टी 15 से 20 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रख सकती है। उन्होंने तर्क दिया कि मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग पुराने दो-दलीय सिस्टम से थक चुका है और एक नए विकल्प की तलाश में है। इसी सोच के साथ उन्होंने पार्टी को इस टारगेट तक पहुंचाने के लिए रोडमैप भी तैयार किया था। प्रशांत किशोर का TVK से जुड़ाव फरवरी 2025 की शुरुआत में हुआ, जब उनकी मुलाकात विजय से हुई। इसके बाद उन्होंने राजनीतिक सलाहकार की भूमिका निभाई, मार्गदर्शन दिया और नई पार्टी को विश्वसनीयता भी दिलाई।
चुनाव नतीजों के साथ ही जश्न का माहौल भी देखने को मिल रहा है। विजय के घर के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी है, जहां ढोल-नगाड़ों, नाच-गाने और व्हिसल के साथ जीत का जश्न मनाया जा रहा है। यह माहौल कुछ हद तक एमएस धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के व्हिसल पोडू स्टाइल की याद दिलाता है, जिसे चेन्नई के क्रिकेट फैंस खूब पसंद करते हैं। TVK समर्थकों का यह जश्न विजय की लोकप्रियता और उनके फिल्मी करियर जैसी ही ब्लॉकबस्टर राजनीतिक एंट्री को दर्शाता है।
विजय खुद पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीटों से आगे चल रहे हैं, जो उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। तमिलगा वेत्री कषगम की इस शानदार शुरुआत ने यह साबित कर दिया है कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है। अगर अंतिम नतीजे भी इसी दिशा में जाते हैं तो तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हो सकती है, जहां फिल्मी करिश्मा और नई रणनीति मिलकर पारंपरिक राजनीति को चुनौती देते नजर आएंगे।




साइन इन