Who is actor Vijay Founder of TVK in Tamil Nadu College dropout net worth and deep details कॉलेज ड्रॉपआउट, कारों के जबर्दस्त शौकीन; जानें TVK चीफ विजय की खास बातें, India News in Hindi - Hindustan
More

कॉलेज ड्रॉपआउट, कारों के जबर्दस्त शौकीन; जानें TVK चीफ विजय की खास बातें

ऐक्टर विजय का यह उभार किसी सिनेमा से कम नहीं है। दिलचस्प बात है कि वह कॉलेज ड्रॉपआउट हैं और कारों का कलेक्शन भी रखते हैं। आइए जानते हैं ऐक्टर विजय की जिंदगी के कुछ अनछुए पहलुओं के बारे में...

Mon, 4 May 2026 02:49 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, चेन्नई
share
कॉलेज ड्रॉपआउट, कारों के जबर्दस्त शौकीन; जानें TVK चीफ विजय की खास बातें

साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय का तमिलनाडु की सियासत में सितारों सरीखा उदय हुआ है। विजय की पार्टी टीएमके किसी सुनामी की तरह उभरी है और वह बहुमत की तरफ बढ़ती नजर आ रही है। खबर लिखे जाने तक टीवीके 110 सीटों पर रुझान में आगे चल रही थी। इस तरह सिनेमा के क्षेत्र में धूम मचाने के बाद विजय अब राजनीति में भी चमकने को तैयार हैं। विजय का यह उभार किसी सिनेमा से कम नहीं है। दिलचस्प बात है कि वह कॉलेज ड्रॉपआउट हैं और कारों का कलेक्शन भी रखते हैं। आइए जानते हैं ऐक्टर विजय की जिंदगी के कुछ अनछुए पहलुओं के बारे में...

कॉलेज ड्रॉपआउट हैं विजय
विजय का पूरा नाम है, जोसेफ विजय चंद्रशेखर। उनका जन्म 22 जून 1974 को हुआ। विजय एक फिल्मी परिवार से आते हैं और उनके पिता का नाम है एसए चंद्रशेखर। वह एक फिल्म डायरेक्टर हैं, जबकि विजय की मां शोभा चंद्रशेखर एक प्लेबैक सिंगर हैं। विजय के पढ़ाई-लिखाई की शुरुआत चेन्नई के एक स्कूल से हुई थी। आगे की पढ़ाई के लिए विजय लोयोला कॉलेज पहुंचे। यहां पर वह विजुअल कम्यूनिकेशन की पढ़ाई कर रहे थे। लेकिन विजय ने अचानक पढ़ाई छोड़ दी और सिनेमा की तरफ रुख कर लिया। इसके बाद वह पूरी तरह से फिल्मों में ही रम गए और देखते ही देखते साउथ में एक बड़ा नाम बन गए।

10 साल की उम्र से फिल्मों में
विजय के फिल्मी सफर की शुरुआत मात्र 10 साल की उम्र में हो गई थी। साल 1984 में उन्होंने तमिल फिल्म वेत्री से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपना करियर शुरू किया। फिर 18 साल की उम्र में विजय ने लीड ऐक्टर के तौर पर नलैय्या तिरुपू में अभिनय किया। विजय की अन्य प्रमुख फिल्मों में उनाक्कागा, लव टुडे, कुशी, प्रियामानवले समेत कई अन्य नाम हैं। इसमें, तिरुमलाई और घिली जैसी कई अन्य मशहूर फिल्मों के नाम भी शामिल हैं। इसमें भी घिली, पोक्किरी और थुपक्की फिल्मों ने उन्हें साउथ से भी आगे, देश भर में एक बड़ा नाम बना दिया।

बहन को खोने का दर्द
विजय की सफलता और सिनेमा में उनके शानदार सफर की तो बहुत चर्चा होती है। लेकिन विजय को लेकर ऐसा फैक्ट है, जिस पर बहुत कम बात होती है। बहुत कम लोगों को यह पता होगा कि विजय की एक छोटी बहन भी थी। उसका नाम विद्या था। लेकिन मात्र दो साल की उम्र में किसी अज्ञात बीमारी से विद्या की मौत हो गई। कम उम्र में अपनी छोटी बहन को खोने का दर्द विजय को हमेशा सालता रहा है।

प्यार, शादी और बच्चे
विजय के अफेयर और शादी की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। विजय ने साल 1999 में संगीता सोनरलिंगम से शादी की थी। संगीता मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली हैं। वह एक तमिल व्यापारी परिवार से आती हैं। संगीता विजय की फैन थीं और लंदन से उनसे मिलने के लिए चेन्नई आई थीं। मुलाकात का यह सिलसिला प्यार में बदल गया और दोनों ने बाद में शादी कर ली। बाद में दोनों के दो बच्चे भी हुए। दोनों की पहली संतान उनका बेटा जेसन संजय है, जो फिल्म डायरेक्टर हैं। वहीं, उनकी दूसरी संतान दिव्या साशा हैं। हालांकि फिलहाल दोनों के बीच विवाद है और बीते साल संगीता ने तलाक की अर्जी दायर की थी। संगीता ने विजय पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया है।

आखिरी फिल्म की बातें और विजय की नेटवर्थ
ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जननायकन’ होगी। फिल्म ‘जननायकन’ की रिलीज लंबे समय से अटकी हुई है। अब खबरें हैं कि आठ मई को यह फिल्म फाइनली रिलीज होने वाली है। अगर विजय के नेटवर्थ की बात करें तो चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल 603.20 करोड़ रुपए हैं। विजय के पास बैंक बैलेंस के तौर पर 213 करोड़ रुपए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऐक्टर विजय का सियासत के परदे पर सिनेमाई डेब्यू, TVK ने तमिलनाडु में बजा दी सीटी
ये भी पढ़ें:अपने दम पर बनाएंगे सरकार, तमिलनाडु में सुनामी के बीच विजय की पार्टी का दावा
ये भी पढ़ें:LIVE: तमिलनाडु में सरकार के लिए जोड़-तोड़ शुरू, TVK के साथ जा सकती है कांग्रेस

कारों का कलेक्शन
विजय को कारों का काफी शौकीन बताया जाता है। उनके पास टोयोटा लैक्सेस, बीएमडब्ल्यू 530, टोयोटा वेलफायर, बीएमडब्ल्यू आई7, रॉल्स रॉयस घोस्ट, लेक्सस एलएम 350एच, बीएमडब्ल्यू 3 सिरीज, जैसी कारों का कलेक्शन है। इनकी कुल कीमत करोड़ों में आंकी गई है। वहीं, चेन्नई में विजय के पास एक बड़ा बंगला भी है, जिसकी कीमत करीब 80 करोड़ रुपए बताई जाती है।