people chanted provocative slogans after spotting Mahua Moitra in flight, MP shared video महुआ मोइत्रा को फ्लाइट में देख लोगों ने लगाए 'चोर-चोर' के नारे, वीडियो शेयर कर क्या बोलीं तृणमूल सांसद?, India News in Hindi - Hindustan
More

महुआ मोइत्रा को फ्लाइट में देख लोगों ने लगाए 'चोर-चोर' के नारे, वीडियो शेयर कर क्या बोलीं तृणमूल सांसद?

मोइत्रा ने आरोपी यात्रियों को शर्मिंदा करने के लिए विमान कंपनी से क्रू रिपोर्ट सार्वजनिक करने के साथ ही ऐसे यात्रियों को 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डालने की मांग की। अपनी पोस्ट को उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को भी टैग किया और उनसे भी इस मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

Thu, 7 May 2026 10:59 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
महुआ मोइत्रा को फ्लाइट में देख लोगों ने लगाए 'चोर-चोर' के नारे, वीडियो शेयर कर क्या बोलीं तृणमूल सांसद?

पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से लोकसभा सांसद और तृणमूल कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता महुआ मोइत्रा ने अपने साथ फ्लाइट में बदसलूकी होने और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन होने का आरोप लगाया है। इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना गुरुवार को उस वक्त हुई जब वे संसदीय समिति की बैठक के सिलसिले में कोलकाता से दिल्ली आ रही थीं। उन्होंने बताया कि इसी दौरान विमान (6E 719) में चढ़े कुछ लोग ना केवल उन्हें घूरते हुए निकले बल्कि विमान के दिल्ली में उतरने के बाद उन्होंने उकसाने वाले व आपत्तिजनक नारे भी लगाए और इस घटना को रिकॉर्ड भी किया। लोगों की इस हरकत को उन्होंने अपना उत्पीड़न और विमान के अंदर अपनी सुरक्षा का उल्लंघन बताया और इस मामले में विमान कंपनी के पास 7 पेजों की औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने की मांग की।

इस घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए महुआ मोइत्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'अलर्ट! आज मैं एक सरकारी काम से दिल्ली गई थी, जहां मुझे रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था। मैं इंडिगो की 6E-719 फ़्लाइट में सीट नंबर 1F पर बैठी थी। इसी दौरान 4-6 लोग एक ग्रुप में फ़्लाइट में चढ़े और मुझे घूरते हुए फ्लाइट के पिछले हिस्से में जाकर बैठ गए।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जब अन्ना आंदोलन को समर्थन देने दिल्ली आए थे विजय, पुराना VIDEO हुआ वायरल

मोइत्रा बोलीं- यह नागरिकों का गुस्सा बिल्कुल नहीं

तृणमूल सासंद ने आगे बताया कि 'जब फ्लाइट लैंड हुई तो दरवाजे खुलने से ठीक पहले उन्होंने यह हरकत (नारे लगाने वाली) की और इसका वीडियो भी बनाया।' आगे लोगों के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे नागरिकों का गुस्सा मानने से इनकार कर दिया और इसे स्पष्ट रूप से अपना 'उत्पीड़न' और फ़्लाइट के अंदर अपनी सुरक्षा का उल्लंघन बताया। आगे उन्होंने कहा कि 'यह बिल्कुल मुमकिन नहीं है कि ये बदतमीज लोग फ़्लाइट के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच निकलें।'

विमान कंपनी से पहचान उजागर करने की मांग की

इसके आगे मोइत्रा ने विमान कंपनी इंडिगो से इन यात्रियों को शर्मिंदा करने के लिए क्रू रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा, साथ ही ऐसे यात्रियों को 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डालने की मांग भी की। अपनी इस पोस्ट को उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को भी टैग किया और उनसे भी इस मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तमिलनाडु में अजब-गजब खेल, विजय को मिला DMK-VCK का साथ; अब क्या करेंगे राज्यपाल?

वीडियो में क्या दिखाई और सुनाई दिया

महुआ ने जो वीडियो शेयर किया उसमें फ्लाइट से उतरने के लिए खड़े यात्री दिखाई दे रहे हैं, इसी बीच आगे की तरफ कुछ लोग 'जय श्री राम', 'जय-जय श्रीराम', 'चोर-चोर-चोर TMC चोर' के अलावा 'दीदी चोर, भाई चोर, तृणमूल में सब चोर' और 'चोर-चोर तृणमूल में सभी चोर' जैसे नारे लगाते हुए सुनाई दिए। हालांकि जिन लोगों ने यह नारे लगाए उनके चेहरे तो दिखाई नहीं दिए, लेकिन उन लोगों ने यह नारे तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सांसद को उकसाने के लिए लगाए थे।

भाजपा की संस्कृति को बताया जिम्मेदार

इसके बाद अपनी एक अन्य पोस्ट में उन्होंने उस वीडियो को दोबारा शेयर किया और ऐसा करने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि मैं तो इस घटना को अनदेखा कर बैठक में चली गई थी, लेकिन बाद में यही वीडियो मुझे कुछ लोगों से मिला और उन्होंने बताया कि संघी लोग इसे वायरल कर रहे हैं। इसके बाद मैंने इस मामले को सोशल मीडिया पर उठाया।

सांसद बोलीं- मैंने तो अनदेखा कर दिया था

मोइत्रा ने अपनी इस पोस्ट में लिखा, 'यह BJP की संस्कृति है। इसमें किसी को हैरानी क्यों हो रही है? मैंने इसे नजरअंदाज किया और एयरपोर्ट से सीधे अपनी मीटिंग में चली गई। लेकिन बाद में जब लोगों ने मुझे वह वीडियो भेजा जिसे 'संघी' लोग वायरल कर रहे थे। तभी मैंने इस मामले को उठाया। IndiGo ने मुझसे कहा कि उन्हें एक औपचारिक शिकायत चाहिए। जो मैं उन्हें भेज रही हूं।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ममता बनर्जी का इस्तीफा नहीं देने का दांव नहीं चला, राज्यपाल ने भंग की विधानसभा