Noida Labour Protest Motherson Company tells protest was due to misinformation गलत जानकारी के चलते, नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन पर कंपनी की सफाई; क्या बताया, India News in Hindi - Hindustan
More

गलत जानकारी के चलते, नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन पर कंपनी की सफाई; क्या बताया

नोएडा में मजदूरों के हिंसक आंदोलन पर सम्वर्धना मदरसन इंटरनेशनल ने सोमवार को सफाई दी है। कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि यह जो आंदोलन चल रहा है उसके पीछे कई वजहें हैं।

Mon, 13 April 2026 10:08 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
गलत जानकारी के चलते, नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन पर कंपनी की सफाई; क्या बताया

नोएडा में मजदूरों के हिंसक आंदोलन पर सम्वर्धना मदरसन इंटरनेशनल ने सोमवार को सफाई दी है। कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि यह जो आंदोलन चल रहा है उसके पीछे कई वजहें हैं। कंपनी के मुताबिक इस आंदोलन का असर उनके काम-काज पर नहीं पड़ा है। स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी देते हुए कंपनी ने कहाकि फिलहाल जो आंदोलन चल रहा है, वह खासतौर पर किसी एक कंपनी से जुड़ा हुआ नहीं है।

गलत सूचना को बताया वजह
कंपनी के बयान में कहा गया है कि यह नोएडा और कुछ अन्य शहरों में कई उद्योगों को प्रभावित करने वाला एक व्यापक श्रम मुद्दा है। इसके पीछे की वजह, वेतन संशोधनों के बारे में फैलायी जा रही गलत जानकारी है। बयान के मुताबिक सभी काम-काज कानूनों के अनुरूप चल रहे हैं और कंपनी पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा है। कंपनी ने बताया कि हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोपरि प्राथमिकता बनी हुई है। अधिकारी उद्योग के साथ मिलकर स्थिति को यथाशीघ्र सामान्य करने के लिए काम कर रहे हैं।

जमकर हुई हिंसा
गौरतलब है कि नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्टरी कर्मियों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान सोमवार को जमकर हिंसा हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस की एसयूवी समेत कई वाहनों में आग लगा दी गई, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया तथा कई जगहों पर पथराव की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शन के कारण यातायात ठप हो गया, जिससे सुबह के व्यस्त समय में दिल्ली जाने वाली विभिन्न सड़कों पर हजारों यात्री फंस गए। दिल्ली-नोएडा सीमा पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

वेतन वृद्धि में इजाफे की मांग
अधिकारियों ने बताया कि फेज-2 और सेक्टर-60 स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी बड़ी संख्या में सुबह एकत्र हुए और उन्होंने वेतन संशोधन की अपनी काफी समय से लंबित मांग को लेकर नारेबाजी तथा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि श्रमिक अन्य मांगों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य हरियाणा की तर्ज पर वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं। सेक्टर-62 और सेक्टर-84 में भी मजदूरों ने सुबह से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को भी जाम कर दिया जिससे गाजियाबाद के निकट दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नोएडा सैलरी बवाल के पीछे नक्सल तो नहीं? योगी ने जताई आशंका, खुफिया तंत्र को चौकस
ये भी पढ़ें:हमें लाठियों से क्यों पीट रहे; नोएडा में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने क्या कहा
ये भी पढ़ें:नोएडा के हिंसक प्रदर्शन और मजदूरों की मांगों में छिपा ‘हरियाणा फैक्टर’

प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने संपत्ति में तोड़-फोड़ की, पथराव किया और वाहनों में आग लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर आयुक्तालय के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।