‘लोटस अब लूटस’, आप सांसदों के भाजपा में विलय पर बरसी कांग्रेस; क्या कहा
आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में विलय को लेकर कांग्रेस ने करारा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसको लेकर एक्स पर पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि लोटस अब लूटस हो चुका है।

आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में विलय को लेकर कांग्रेस ने करारा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसको लेकर एक्स पर पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि लोटस अब लूटस हो चुका है। उन्होंने लिखा है कि राज्यसभा के सभापति द्वारा आम आदमी पार्टी के सात सदस्यों का विलय बिल्कुल भी हैरान करने वाला नहीं है। जयराम रमेश ने आगे लिखा कि बल्कि हैरानी इस बात पर होती है कि इसमें इतना समय क्यों लगा? इसे सप्ताहांत में ही क्यों नहीं स्वीकार कर लिया गया। कांग्रेस नेता तंज किया है कि छोटे-छोटे एहसानों से भारतीय लोकतंत्र बन रहा है।
कभी इन पर उठाते थे सवाल
जयराम रमेश ने लिखा है कि भाजपा ने इन सांसदों की तारीफ की है। यह सातों सांसद भी बड़ी गर्मजोशी से पहुंचे हैं। यही भाजपा है जो हाल तक इनकी ईमानदारी पर सवाल उठा रही थी। उनके खिलाफ ठोस साक्ष्य होने का दावा किया गया था। लेकिन अब कितनी आसानी से सब भुला दिया गया। उन्होंने लिखा कि हाल ही तक इन सांसदों में से कुछ पर ईडी छापेमारी कर रही थी। लेकिन कोई शक नहीं कि अब वह भी रुक जाएगी। आगे भी कोई एक्शन नहीं होगा। जयराम ने लिखा, ‘लोटस अब लूटस’ बन चुका है।
भाजपा की वॉशिंग मशीन एक्टिव
इससे पहले भी कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने संबंधी खबरों पर प्रतिक्रिया दी थी। इसमें कहा गया कि खुद को सदाचारी बताने वाले लोग अब फिर बेनकाब हो गए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर इन खबरों के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तंज किया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा की वॉशिंग मशीन अब फिर सक्रिय हो गई है। जयराम रमेश ने लिखा, ‘भाजपा की वॉशिंग मशीन फिर से सक्रिय हो गई है, साथ ही मोदी वॉशिंग पाउडर भी। जो लोग खुद को सदाचार, ईमानदारी और विचारधारा के आदर्श के रूप में पेश करते थे, वे अब बुरी तरह बेनकाब हो चुके हैं।’
सभापति की मंजूरी
गौरतलब है कि सोमवार को राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों का भाजपा सदस्य माने जाने का अनुरोध आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही उच्च सदन में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ‘आप’ के सदस्यों की संख्या 10 से घटकर तीन रह गई। वहीं, भाजपा सदस्यों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है। राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता वे सात सांसद हैं जो आम आदमी पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हैं। राज्यसभा की वेबसाइट पर अब इन सातों सांसदों को भाजपा के सदस्यों की सूची में दिखाया गया है।




साइन इन