पश्चिम एशिया में जारी युद्ध में इस प्रदेश के CM ने किया ईरान का सपोर्ट, BJP भड़की
केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन द्वारा पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध में ईरान का समर्थन करने पर भाजपा हमलावर हो गई है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्र शेखर ने इसे तुष्टीकरण की राजनीति बताते हुए कहा कि ईरान द्वारा जिन देशों पर हमला किया गया है, वहां बहुत बड़ी संख्या में मलयाली रहते हैं।

पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही जंग ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। सुरक्षित समझे जाने वाले खाड़ी देश आज असुरक्षा की स्थिति में घिरे हुए हैं। इस युद्ध ने वैश्विक राजनीति के साथ-साथ भारत की घरेलू राजनीति को भी प्रभावित किया है। कुछ लोग हैं, जो इस युद्ध में ईरान के साथ खड़े हुए नजर आते हैं, तो कुछ लोग अमेरिका और इजरायल के साथ या फिर शांति के पक्ष में खड़े हुए नजर आते हैं। लेकिन इसी मामले पर केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन का ईरान को समर्थन देना केरल भाजपा को पसंद नहीं आया है। भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री के ईरान को समर्थन देने के फैसले को तुष्टीकरण की राजनीति बताया गया है।
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केरल भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ईरान पर हमले की आलोचना कर रहे हैं लेकिन वह ईरान की तरफ से गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सदस्य देशों के ऊपर किए जा रहे हमलों को लेकर चुप हैं, लोगों को याद रखना चाहिए कि इन देशों में बड़ी संख्या में मलयाली लोग रहते हैं।
केरल भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से सवाल किया, "आप केवल ईरान के बारे में ही क्यों बोल रहे हैं? क्या यह आपकी तुष्टीकरण की राजनीति का हिस्सा नहीं है? ईरान द्वारा किए गए हमलों की आप निंदा क्यों नहीं करते?”
इस युद्ध को लेकर भाजपा के पक्ष पर सवाल पूछे जाने पर चंद्र शेखर ने कहा कि भाजपा या केंद्र सरकार ईरान के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ही कह चुके हैं कि युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है। अगर कोई विवाद है, तो उसे कूटनीति के जरिए हल किया जाना चाहिए। वह भारत सरकार ही है, जिसने ईरानी जहाज को कोच्चि में लंगर डालने की अनुमति दी है। मुख्यमंत्री को यह ध्यान रखना चाहिए कि उन्हें ईरानी जनता ने नहीं, बल्कि मलयाली लोगों ने चुना है।
क्या कहा था विजयन ने?
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बोले गए हमलों की विजयन ने आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि इन दोनों देशों द्वारा ईरान पर हमला करने का कोई उचित कारण नहीं है। यह कार्रवाई पूरी तरह से अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन है, कुछ दुष्ट राष्ट्र मिलकर वैश्विक शांति को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने खामेनेई की हत्या को भी बेहद अमानवीय और क्रूरता करार देते हुए भारत सरकार से अनुरोध किया था कि वह जल्दी से जल्दी इस पर विरोध दर्ज कराए। केरल भाजपा द्वारा इसी बयान को लेकर उनका विरोध किया जा रहा है।




साइन इन