एग्जिट पोल 2021 में बंगाल में BJP को मिलीं तगड़ी सीटें, पर नतीजे एकदम पलटे; कितने सही थे सर्वे
हर चुनाव में सत्ता परिवर्तन के लिए मशहूर दक्षिण भारतीय राज्य केरल में 2021 के एग्जिट पोल के आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया था। राज्य में लगातार दूसरी बार LDF की जीत का अनुमान लगाया जा रहा था, जो नतीजों में साफ नजर भी आया।

एग्जिट पोल भारतीय जनता पार्टी के लिए पश्चिम बंगाल और असम में खुशखबरी लेकर आए हैं। वहीं, कांग्रेस केरल में सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। इधर, अधिकांश सर्वे में तमिलनाडु में DMK यानी द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम मजबूत नजर आ रही है, लेकिन उसे एक्टर विजय की टीवीके से कड़ी चुनौती मिलने के आसार हैं। हालांकि, 2021 में जब एग्जिट पोल आए, तब संभावनाएं जताई जाने लगी थीं कि बंगाल में भाजपा सरकार बना सकती है, लेकिन सत्ता तृणमूल कांग्रेस की बरकरार रही। जानते हैं कि 2021 में एग्जिट पोल कितने सही साबित हुए।
2021 पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल बनाम रिजल्ट
कुल सीटें-294
पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल में टीएमसी और भाजपा में कड़ी टक्कर के संकेत मिले थे। हालांकि, जब नतीजे घोषित हुए तो आंकड़े टीएमसी के पक्ष में गए और भाजपा आसपास भी नजर नहीं आ रही थी। 2026 में अधिकांश एग्जिट पोल्स का कहना है कि राज्य में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाती नजर आ रही है। वहीं, टीएमसी बहुमत के आंकड़े से काफी दूर रह सकती है।
| एजेंसी | टीएमसी | भाजपा |
|---|---|---|
| एबीपी सी वोटर | 152-164 | 109-121 |
| रिपब्लिक सीएनएक्स | 128-138 | 138-148 |
| टाइम्स नाउ सी वोटर | 158 | 115 |
| रिपब्लिक जन की बात | 104-121 | 162-185 |
| पी-मार्क | 152-172 | 112-132 |
| ईटीजी रिसर्च | 164-176 | 105-115 |
| इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया | 130-156 | 134-160 |
| इंडिया टीवी पीपी | 64-88 | 173-192 |
| इंडिया न्यूज जेकेबी | 104-121 | 162-185 |
| पोल स्ट्रेट | 142-152 | 125-135 |
| नतीजे | 215 | 77 |
असम में कुछ हद तक सही रहे आंकड़े
कुल सीटें- 126
आंकड़ों के लिहाज से देखें, तो एग्जिट पोल सबसे सटीक असम में ही साबित हुए थे। यहां अधिकांश सर्वे भाजपा की जीत के साथ अच्छे प्रदर्शन का अनुमान लगा रहे थे। हालांकि, नतीजों और सर्वे में सीटों में मामूली अंतर था। 2026 के सर्वे संकेत दे रहे हैं कि राज्य में भाजपा जीत की हैट्रिक दर्ज करेगी। वहीं, मुख्यमंत्री पद के लिए हिमंत बिस्वा सरमा पॉपुलर बने हुए हैं।
| एजेंसी | भाजपा+ | कांग्रेस+ |
|---|---|---|
| सी वोटर | 58-71 | 53-66 |
| एक्सिस माय इंडिया | 75-85 | 40-50 |
| इंडिया न्यूज जन की बात | 70-81 | 45-55 |
| न्यूज24 टुडेज चाणक्य | 70 | 56 |
| नतीजे | 76 | 49 |
तमिलनाडु में सही साबित हुआ था DMK की जीत का अनुमान
कुल सीटें- 234
तमिलनाडु में, एग्जिट पोल करने वालों ने DMK की सीटों का अनुमान असली नतीजों से थोड़ा ज्यादा लगा दिया था, लेकिन उनकी यह बात सही साबित हुई कि DMK सत्ताधारी AIADMK को हरा देगी। हर एग्जिट पोल ने यह बिल्कुल सटीक बताया था कि DMK को पूर्ण बहुमत मिलेगा। 2026 के एग्जिट पोल से संकेत मिल रहे हैं कि राज्य में एक्टर विजय की पार्टी टीवीके बड़ी भूमिका अदा कर सकती है। वहीं, कुछ एग्जिट पोल टीवीके को 100 से ज्यादा सीटों का भी अनुमान लगा रहे हैं।
| एजेंसी | डीएमके+ | AIADMK+ |
|---|---|---|
| इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया | 175-195 | 38-54 |
| टुडेज चाणक्य | 164-186 | 46-68 |
| जन की बात/सीएनएक्स | 160-170 | 56-68 |
| नतीजे | 159 | 75 |
केरल में भी मिलते जुलते रहे एग्जिट पोल और नतीजों के आंकड़े
कुल सीटें- 140
हर चुनाव में सत्ता परिवर्तन के लिए मशहूर केरल में 2021 के एग्जिट पोल के आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया था। राज्य में लगातार दूसरी बार LDF की जीत का अनुमान लगाया जा रहा था, जो नतीजों में साफ नजर भी आया। 2026 के एग्जिट पोल लेफ्ट को झटका मिलने के संकेत दे रहे हैं। अनुमान लगाया गया है कि कांग्रेस की अगुवाई वाली UDF सत्ता में वापसी कर सकती है।
| एजेंसी | एलडीएफ | यूडीएफ |
|---|---|---|
| इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया | 104-120 | 20-36 |
| रिपब्लिक टीवी- सीएनएक्स | 72-80 | 58-64 |
| एबीपी-सी वोटर | 71-77 | 62-68 |
| नतीजे | 99 | 41 |
पुडुचेरी में एनडीए की जीत
कुल सीटें- 30
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के एग्जिट पोल में अनुमान लगाया था कि राज्य में AINRC की अगुवाई वाली एनडीए सत्ता हासिल करेगी। नतीजों में ऐसा हुआ भी। अधिकांश सर्वे में एनडीए को सबसे आगे बताया गया था। राज्य में कुल 30 विधानसभा सीटें हैं।
| एजेंसी | बीजेपी+ | कांग्रेस+ |
|---|---|---|
| रिपब्लिक-सीएनएक्स | 16-20 | 11-13 |
| एबीपी सी वोटर | 19-23 | 6-10 |
| सीएनएन न्यूज18 | 18-21 | 8-12 |
| नतीजे | 16 | 8 |




साइन इन