10 मंत्री, 4 डिप्टी सीएम! अकेले शपथ नहीं लेंगे डीके शिवकुमार; कांग्रेस ने दबाया 'रीसेट' बटन!
कर्नाटक में कांग्रेस का बड़ा सियासी रीसेट! डीके शिवकुमार लेंगे नए मुख्यमंत्री पद की शपथ, साथ में 10 मंत्री भी होंगे शामिल। जानें वाईएस शर्मिला पर क्या है बड़ा अपडेट।

कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में बड़े नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी कर रही है। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद उपमुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जाना तय है। शिवकुमार 3 जून 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ शुरू में 8 से 10 नए मंत्री भी शपथ लेंगे। पूरे मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में, यानी राज्यसभा चुनाव (18 जून) पूरा होने के बाद किया जाएगा।
आज (30 मई) क्या होगा?
शाम 4 बजे बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की औपचारिक बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस विधायक दल के सचिव ए. पाटिल की ओर से सभी विधायकों को भेजे गए पत्र के अनुसार, बैठक शनिवार को शाम चार बजे विधान सौध के सम्मेलन कक्ष में होगी। यह घटनाक्रम राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा शुक्रवार को सिद्धरमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा स्वीकार करने और उनके नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल को भंग करने के बाद सामने आया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के वरिष्ठ पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला इस बैठक की निगरानी करेंगे। बैठक में विधायकों से नए विधायक दल नेता का चुनाव कराया जाएगा, जिसके बाद शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करेंगे। शपथ ग्रहण की तारीख भी इसी के बाद आधिकारिक रूप से तय होगी।
शिवकुमार के साथ 10 मंत्री भी लेंगे शपथ
सत्ता ट्रांसफर और मंत्रिमंडल के नए स्वरूप को लेकर स्थिति अब साफ हो गई है। शपथ ग्रहण समारोह में डीके शिवकुमार अकेले शपथ नहीं लेंगे। उनके साथ नई कैबिनेट के 10 अन्य विधायकों को भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इस कदम को कर्नाटक में कांग्रेस के सबसे बड़े सियासी 'रीसेट' के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे राज्य की प्रशासनिक और राजनीतिक तस्वीर बदलेगी।
नया मंत्रिमंडल कैसा हो सकता है?
नए चेहरे: कांग्रेस लगभग 50% मंत्रियों को नए चेहरे बनाने की योजना बना रही है। पार्टी 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में ताजगी लाना चाहती है।
कमरज प्लान का संशोधित रूप: तीन साल पूरे कर चुके मंत्रियों को कैबिनेट से हटाकर पार्टी संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है। इससे अनुभवी नेता ग्रासरूट स्तर पर पार्टी को मजबूत करेंगे।
4 डिप्टी सीएम: क्षेत्रीय, सामाजिक और जातीय संतुलन बनाए रखने के लिए 4 उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जा सकते हैं।
वाईएस शर्मिला जाएंगी राज्यसभा?
कर्नाटक में हो रहे इस बड़े सियासी बदलाव के बीच एक और नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया है। जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला राज्यसभा चुनाव की रेस में मजबूती से शामिल हैं। उन्हें पार्टी की तरफ से उच्च सदन में भेजने की तैयारी चल रही है। कुल मिलाकर, कांग्रेस ने कर्नाटक में संगठन और सरकार के ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए सत्ता की बागडोर शिवकुमार के हाथों में सौंपने का पूरा खाका तैयार कर लिया है।




साइन इन