AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस सख्त, यूथ कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक सेवक को चोट पहुंचाने और हमला करने, सरकारी कर्मचारी के आदेश की अवहेलना करने, गैरकानूनी जमावड़ा करने व निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप हैं। इसे लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को 'AI इम्पैक्ट समिट' स्थल पर हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में युवा कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इस मामले में व्यापक साजिश के पहलू की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार के राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के राज्य अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब से भी पूछताछ कर रही है। यह पूछताछ संसद मार्ग थाने में हो रही है।
प्रदर्शनी हॉल के अंदर शर्ट उतार कर प्रदर्शन
इससे पहले दिन में, पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के प्रदर्शनी हॉल के अंदर शर्ट उतार कर विरोध प्रदर्शन करने को लेकर IYC के करीब 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश महला ने कहा, 'भारतीय युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया जिसमें लगभग 15 लोग शामिल हुए। हॉल नंबर 5 के लॉबी क्षेत्र के अंदर, उन्होंने शर्ट के नीचे पहनी हुई छिपी टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया।' एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपियों को आज बाद में पटियाला हाउस अदालत में पेश किया जाएगा; प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और कई संगीन धाराएं लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने घटनास्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की भी की।
क्या घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश?
अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सम्मेलन स्थल में प्रवेश करने के वास्ते क्यूआर कोड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था और बाद में प्रदर्शनी हॉल नंबर 5 के अंदर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ प्रदर्शनकारियों की कुछ उपस्थित लोगों के साथ तीखी बहस हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।
पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। आरोपियों ने शुरुआत में काले छातों पर छपे हुए स्टिकर चिपकाने की योजना बनाई थी। हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि गेट पर जांच के दौरान काले छातों का पता चल सकता है। इसलिए उन्होंने अपनी योजना बदल दी और टी-शर्ट पर छपे हुए स्टिकर लगवा लिए। स्टिकर कहां छपे थे, यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है। दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में दिल्ली-एनसीआर में छापेमारी शुरू कर दी है।




साइन इन