'अबकी बार 10 मिलियन पार', कॉकरोच जनता पार्टी ने भाजपा को पछाड़ा; आखिर क्या है मांगें?
कॉकरोच जनता पार्टी का सोशल मीडिया पर खूब क्रेज बना हुआ है। अब तक इंस्टाग्राम पर इसके 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। वहीं कई बड़े नेता अभिनेता इससे जुड़ चुके हैं। पार्टी ने अपनी पांच मांगे भी सामने रखी हैं।

इंटरनेट पर एक दिनों एक नाम सबसे ज्यादा ट्रेंड कर रहा है। यह नाम है कॉकरोच जनता पार्टी। देश के मुख्य न्यायधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान पर हुए बवाल के बाद शुरू की गई इस मुहिम ने अब भारतीय जनता पार्टी को भी पीछे छोड़ दिया है। महज पांच दिन पहले सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाने वाली इस पार्टी के इंस्टाग्राम पर अब भाजपा से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए हैं। 20 मई की रात तक इस पेज ने इंस्टाग्राम पर 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया।
बता दें कि केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी के ऑफिशियल हैंडल, @bjp4india के इंस्टाग्राम पर फिलहाल 8.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। गौर करने वाली बात यह है कि जहां बीजेपी ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 18,000 से ज्यादा पोस्ट शेयर किए हैं, वहीं 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने महज 54 पोस्ट और पांच दिनों के अंदर यह इतिहास रच दिया। दूसरी पार्टियों की बात करें तो मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 13.2 मिलियन फॉलोअर्स और आम आदमी पार्टी (AAP) के पास 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
‘युवाओं की ताकत को कभी हल्के में मत लेना’
इंस्टाग्राम पर 9 मिलियन से ज्यादा जुटाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स पर भी 1.65 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। वहीं CJP की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अब तक 1.6 लाख 1.6 Lakh से ज्यादा युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को शेयर करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल ने बीजेपी पर सीधा तंज कसते हुए लिखा है कि युवाओं की ताकत को हल्के में मत लेना। पार्टी ने लिखा, “युवाओं की ताकत को कभी हल्के में मत लेना। इसे 'दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी' कहते थे न।”
'अबकी बार 10 मिलियन पार'
युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही इस पार्टी पर लोग खूब मीम भी बना रहे हैं। वहीं बीजेपी के पुराने चुनावी नारे की तर्ज पर "अबकी बार 10 मिलियन पार" का हैशटैग चला रहे हैं। एक्स पर एक यूजर ने मशहूर शायर फिराक गोरखपुरी का एक शेर साझा करते हुए लिखा, "देख रफ़्तार-ए-इंक़लाब 'फ़िराक़', कितना आहिस्ता और कितनी तेज़।" वहीं जहां कुछ लोग कह रहे हैं कि “पिक्चर अभी बाकी है दोस्तों।” वहीं कुछ आलोचक इस पर चुटकी भी ले रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "भाई इंस्टाग्राम पर चुनाव जीतने की कोशिश कर रहा है।" जिस पर CJP के समर्थकों ने जवाब दिया, “वेट एंड वॉच।”
कौन है इसका मास्टरमाइंड?
इस पूरी सटायर क्रांति के पीछे महाराष्ट्र के औरंगाबाद के रहने वाले 30 वर्षीय अभिजीत दिपके हैं। दिपके खुद को इस पार्टी का संस्थापक और अध्यक्ष बताते हैं। अभिजीत ने हाल ही में अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस (PR) में मास्टर्स की डिग्री ली है और वे पहले AAP की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं।
CJI सूर्यकांत के बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल CJI सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान देश के बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर कॉकरोच से कर दी थी। CJI ने कहा था, ''कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जिन्हें न कोई रोजगार मिलता है और न ही किसी पेशे में उनका कोई स्थान होता है। उनमें से कुछ मीडिया के क्षेत्र में जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया कार्यकर्ता बनते हैं, कुछ RTI कार्यकर्ता बनते हैं और फिर वे हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।''
CJI ने बवाल बढ़ने के बाद इस बयान पर सफाई भी दी थी। हालांकि युवाओं ने इस बयान का विरोध किया है और इसी कड़ी में कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की गई। मजाक-मजाक में शुरू की गई यह मुहिम अब तेजी पकड़ रही है और कई बड़ी हस्तियों ने भी इसे समर्थन दिया है। सपा सांसद अखिलेश यादव, TMC की महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद सहित कई नेताओं ने उसकी सदस्यता ली है। वहीं अनुराग कश्यप, कोंकणा सेन शर्मा जैसे कई फिल्मी सितारें भी इससे जुड़े हैं।




साइन इन