Blocking ships in Strait of Hormuz is unacceptable; we are pursuing path of dialogue PM Modi says in Rajya Sabha होर्मुज में जहाजों को रोकना अस्वीकार्य, हम संवाद का रास्ता अपना रहे; राज्यसभा में बोले PM मोदी, India News in Hindi - Hindustan
More

होर्मुज में जहाजों को रोकना अस्वीकार्य, हम संवाद का रास्ता अपना रहे; राज्यसभा में बोले PM मोदी

PM Modi on Iran War in Rajya Sabha: पीएम मोदी ने कहा कि खाड़ी के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन एवं आजीविका भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता का कारण है।

Tue, 24 March 2026 02:39 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
होर्मुज में जहाजों को रोकना अस्वीकार्य, हम संवाद का रास्ता अपना रहे; राज्यसभा में बोले PM मोदी

PM Modi on Iran War in Rajya Sabha: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर राज्यसभा में वक्तव्य देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार (24 मार्च ) को कहा कि इस संकट ने पूरी दुनिया में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। इसके साथ ही प्रधानमंमत्री ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा जहाजों का रास्ता रोकना अस्वीकार्य है। प्रधानमंत्री मोदी ने सदन को बताया कि इस संकट की घड़ी में भारत ने संवाद का रास्ता अपनाया है और इसी के जरिए भारत ने अपने जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकालने में सफलता पाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने पश्चिम एशिया में सभी पक्षों से बातचीत की है। पीएम ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिम एशिया के करीब सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ दो बार बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि खाड़ी के देशों में बसे भारतीयों की सुरक्षा और आजीविका सरकार के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि भारत शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि पश्चिम एशिया का संकट भारत के लिए चिंता का कारण है। उन्होंने कहा कि अगर यह जंग जारी रही, तो इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे। उन्होंने कहा, "भारत हर सेक्टर में यह प्रयास कर रहा है कि किसी भी सेक्टर में दूसरे देशों पर बहुत अधिक निर्भरता न हो।" पीएम ने शिप बिल्डिंग से लेकर रेयर अर्थ मिनरल्स तक, आत्मनिर्भरता के प्रयास गिनाए और कहा इस संकट ने दुनिया को हिला दिया है। इससे रिकवर करने में भी दुनिया को काफी समय लगेगा। पीएम ने कहा कि भारत सरकार पल-पल बदलते हालात पर नजर रखे हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुनिया भर में गंभीर ऊर्जा संकट, भारत के लिए चिंताजनक हालात: राज्यसभा में PM मोदी
ये भी पढ़ें:'25 मिनट का भाषण, आपने देखा कि भाग गए थे'; संसद में PM मोदी के बयान पर राहुल
ये भी पढ़ें:PM मोदी ने किया अलर्ट- हालात का फायदा लेने वाले झूठ फैलाएंगे, सावधान रहना

युद्ध से हमारे व्यापार के रास्ते प्रभावित

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और इसके कारण भारत के सामने आई चुनौतियों पर राज्यसभा में वक्तव्य देते हुए कहा कि तीन सप्ताह से अधिक समय हो चुका है तथा इस युद्ध ने विश्व में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक है। ''इस युद्ध से हमारे व्यापार के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। इससे पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरक जैसे जरूरी सामान की नियमित आपूर्ति प्रभावित हो रही है।'' पीएम ने कहा कि हम सभी संभव स्रोतों से गैस, कच्चा तेल खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, आने वाले दिनों में प्रयास जारी रहेंगे।

खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय

पीएम मोदी ने कहा कि खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन एवं आजीविका भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता का कारण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दुनिया के कई जहाज फंसे हुए हैं। उनमें भारतीय चालक दल की संख्या भी बहुत अधिक है तथा यह भी भारत की एक बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी विकट परिस्थिति में आवश्यक है कि भारत की संसद के इस उच्च सदन से शांति एवं संवाद की एकजुट आवाज पूरे विश्व में जाए।