राहुल गांधी के घर पर रची गई थी साजिश, यह संयोग नहीं, प्रयोग है; यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट पर भड़की भाजपा
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा ने निशाना साधा है। संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह साजिश राहुल गांधी के घर पर रची गई और यह कोई संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग है।

दिल्ली में आयोजित किए जा रहे एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि इस विरोध प्रदर्शन की साजिश राहुल गांधी के घर पर रची गई थी और यह कोई संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग है। भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ''यह साजिश राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में, राहुल गांधी के निवास स्थान पर रची गई थी।''
संबित पात्रा ने कहा कि इन कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया, उल्टी टी-शर्ट पहनकर अंदर प्रवेश किया और अंदर जाकर टॉपलेस होकर प्रदर्शन किया। यह भारत के विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के कहने पर जो किया है, उसको लेकर हिंदुस्तान के युवाओं में, खासकर जेन जी में, आक्रोश है। यह प्रेस वार्ता भारत बनाम उन शक्तियों के खिलाफ है, जो भारत के नाम को और भारत की छवि को जानबूझकर धूमिल करना चाहते हैं। दिल्ली के भारत मंडपम में एआई समिट चल रहा है, जिसमें यूथ कांग्रेस के 4 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
उन्होंने आगे कहा, ''कांग्रेस के लिए मेरे पास केवल तीन शब्द हैं- टॉपलेस, ब्रेनलेस और शेमलेस! कांग्रेस के पास इतना भी विवेक नहीं है कि यह समझ सके कि जो एआई समिट चल रही है, वह भाजपा का समिट नहीं है, न ही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी है। यह पूरे विश्व का एआई समिट है, और वहां प्रदर्शन नहीं होता है। पहले नेहरू को एक सपेरे के साथ पोज देते हुए देखा गया था, जिससे दुनिया के सामने भारत को सपेरों की धरती के तौर पर दिखाया गया था। आज, इस विरोध के जरिए राहुल गांधी ने भारत के स्टार्टअप्स, एआई इंडस्ट्री और हमारे युवाओं के प्रदर्शन का मजाक उड़ाकर और उनका अपमान करके ऐसा ही मैसेज दिया है। यह सिर्फ धोखा है।''
बता दें कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को 'एआई इम्पैक्ट समिट' के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यपार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'एआई इम्पैक्ट समिट' में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा, "उन्हें तुरंत हटा दिया गया और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया। कानून-व्यवस्था की स्थिति को भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।"




साइन इन