AI समिट में यूथ कांग्रेस ने क्यों किया प्रदर्शन, ट्रेड डील से लेकर एप्स्टीन फाइल तक का जिक्र
उदय भानु चिब ने बताया कि आज यूथ कांग्रेस के मेंबर एआई समिट में गए और नारे लगाए, पीएम कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। यह गुस्सा सिर्फ हमारे यूथ कांग्रेस मेंबर का नहीं है। यह हर उस नौजवान का है जो आज बेरोजगार है, और उनमें से हर एक जानता है कि हमारे प्राइम मिनिस्टर कॉम्प्रोमाइज्ड हैं।

दिल्ली में आयोजित की जा रही एआई समिट में शु्क्रवार दोपहर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब यूथ कांग्रेस के नेताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ शर्टलेस प्रदर्शन किया। दिल्ली पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इन प्रदर्शनों पर बात करते हुए यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब ने एप्स्टीन फाइल से लेकर अमेरिका-भारत में हुई ट्रेड डील तक का जिक्र किया। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि जब भी बेरोजगारी या अन्य कोई संकट आया तो उससे डायवर्ट करने के लिए सरकार ने इवेंट करवाए।
उदय भानु चिब ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "आज यूथ कांग्रेस के मेंबर एआई समिट में गए और नारे लगाए, पीएम कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। यह गुस्सा सिर्फ हमारे यूथ कांग्रेस मेंबर का नहीं है। यह हर उस नौजवान का है जो आज बेरोजगार है, और उनमें से हर एक जानता है कि हमारे प्राइम मिनिस्टर कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। अमेरिका के साथ यह ट्रेड डील, हम सब जानते हैं, हमारे किसानों और लोगों को नुकसान पहुंचाएगी। सिर्फ अमेरिका को फायदा होगा। कोई भी वजह हो सकती है, एप्स्टीन फाइल में उनका नाम हो या फिर अडानी को बचाना होगा, कोई भी कारण हो सकता है, लेकिन नुकसान हमारे देश के युवाओं का हो रहा है। उनकी (युवाओं की) आवाज उठाना हमारा फर्ज है। देश की इमेज की बात है, इससे इमेज खराब नहीं होती। हमारे देश में डेमोक्रेसी है। हम कहीं भी शांति से प्रोटेस्ट कर सकते हैं।''
उन्होंने आगे कहा कि यह पहली बार नहीं हो रहा, जब भी देश के युवाओं पर बेरोजगारी का संकट या कोई अन्य संकट आया तो उसे डायवर्जन करने के लिए इवेंट करवा दिए जाते हैं। नोटबंदी, जी20, मेक इन इंडिया और फिर अब एआई समिट। यूथ कांग्रेस का काम है जो देश के युवाओं के इश्यूज हैं, उस पर सरकार का ध्यान लाना चाहते हैं। कोई भी इवेंट करवाकर अपनी जिम्मेदारियों से नहीं भागा जा सकता है। वहीं, दिल्ली पुलिस के इस बयान पर कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है, इंडियन यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रेसिडेंट उदय भानु चिब ने कहा, “हमारे यूथ कांग्रेस के साथी राहुल गांधी के सिपाही हैं। वे डरेंगे नहीं। जब राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर नहीं हुई थी, तो ईडी का केस इतने सालों तक चलता रहा। उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया। भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन हम संविधान के सिपाही हैं, राहुल गांधी के सिपाही हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे। हम देश के युवाओं के लिए आवाज उठाएंगे।”
कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
यूथ कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'एआई इम्पैक्ट समिट' में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा, "उन्हें तुरंत हटा दिया गया और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया। कानून-व्यवस्था की स्थिति को भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।" युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर "इंडिया यूएस ट्रेड डील", "एपस्टीन फाइल्स" और "पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड" जैसे नारे लिखे थे।




साइन इन