आपसे न हो पाएगा भाई, एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर भड़के कुमार विश्वास
लोकप्रिय कवि कुमार विश्वास एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर भड़क गए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपसे न हो पाएगा। विश्वास ने कहा कि यह नंगा प्रदर्शन विपक्ष के मुद्दाहीन नंगपन का प्रदर्शन है।

एआई समिट में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस ने शर्टलेस प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन पर जाने-माने कवि कुमार विश्वास भड़क गए और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपसे न हो पाएगा, भाई। विश्वास ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पीएम के खिलाफ यह नंगा प्रदर्शन विपक्ष के मुद्दाहीन नंगपन का प्रदर्शन है।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में भारत मंडपम में आयोजित किए जा रहे इंडिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इम्पैक्ट सम्मेलन के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को कहा कि 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इस आयोजन के खिलाफ नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोजगार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता।
कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस के इस प्रदर्शन का विरोध किया है। उन्होंने लिखा, ''एक अंतराष्ट्रीय मंच पर जहां विश्व भर के सबसे महनीय मेहमानों के सामने देश अपनी तकनीकी-शक्ति को सिद्ध करने पर जुटा पड़ा है, वहाँ देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ ये नंगा प्रदर्शन वस्तुतः विपक्ष के मुद्दाहीन नंगपन का प्रदर्शन है। दुःखद है कि कांग्रेस जैसी पुरानी व वैचारिक रूप से पकी हुई पार्टी में मुद्दों का इतना भीषण अकाल आ पड़ा है। आपसे न हो पाएगा भाई।''
यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा भी भड़की
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेशनल स्पोक्सपर्सन शहजाद पूनावाला ने एआई इम्पैक्ट समिट में कांग्रेस पार्टी के प्रोटेस्ट पर जमकर निशाना साधा और उसे कैरेक्टरलेस, ब्रेनलेस और इमोशनलेस बताया। पूनावाला ने कांग्रेस पर देश की तरक्की को कमजोर करने का आरोप लगाया और कहा कि यह देश की अचीवमेंट्स के खिलाफ प्रोटेस्ट था। इसके अलावा, नेशनल स्पोक्सपर्सन प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस की आलोचना की और पार्टी पर अर्बन नक्सल की भाषा बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "कांग्रेस पार्टी को शर्म आनी चाहिए। राहुल गांधी के कहने पर उन्होंने इंटरनेशनल एआई समिट में धावा बोला। एंटी इंडिया कांग्रेस। कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस अर्बन नक्सल की तरह बर्ताव करती है।"




साइन इन