iran supreme leader mojtaba khamenei warns US israel Every drop of blood ali larijani death 'खून की हर बूंद का होगा हिसाब...', US-इजरायल पर कहर बरपाने की तैयारी में मोजतबा खामेनेई, Middle-east Hindi News - Hindustan
More

'खून की हर बूंद का होगा हिसाब...', US-इजरायल पर कहर बरपाने की तैयारी में मोजतबा खामेनेई

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की हत्या पर अमेरिका और इजरायल को भयानक अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। जानें इस हाई-प्रोफाइल हमले की पूरी इनसाइड स्टोरी।

Thu, 19 March 2026 06:21 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
share
'खून की हर बूंद का होगा हिसाब...', US-इजरायल पर कहर बरपाने की तैयारी में मोजतबा खामेनेई

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उन्हें ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की मौत का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। ईरान ने बुधवार को अमेरिका और इजरायल के खिलाफ चल रहे युद्ध के बीच तेहरान की इस सबसे प्रमुख हस्ती की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। मोजतबा ने कहा कि 'खून की हर बूंद का हिसाब होगा।'

बदले की चेतावनी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक बयान में मोजतबा खामेनेई ने कहा- खून की हर बूंद का अपना प्रतिशोध होता है और इन शहीदों के अपराधी हत्यारों को जल्द ही इसकी कीमत चुकानी होगी। ईरानी समाचार एजेंसी के अनुसार, लारीजानी को तेहरान के पूर्वी इलाके परदीस जिले में उनकी बेटी के घर पर निशाना बनाया गया। एजेंसी का दावा है कि यह हमला अमेरिकी और इजरायली शासन के लड़ाकू विमानों द्वारा किया गया था। खामेनेई ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें अली लारीजानी के साथ-साथ उनके योग्य बेटे और कई अन्य सहयोगियों की शहादत की सूचना मिली है।

तेल अवीव के पास ईरानी हमलों में दो लोगों की मौत

इजरायल ने बुधवार को एक और शीर्ष ईरानी अधिकारी को मार गिराने का दावा किया जो दो दिनों में इस प्रकार का तीसरा मामला है। ईरान ने हवाई सुरक्षा को भेदते हुए अपनी कुछ नवीनतम मिसाइलों का इस्तेमाल फारस की खाड़ी के अपने पड़ोसी देशों व इजरायल पर हमले करने के लिए किया। साथ ही तेल अवीव के पास दो लोगों को मार डाला। इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा कि ईरानी खुफिया मंत्री इस्माइल खातीब रात भर चले हमले में मारे गए और उन्होंने वादा किया कि आज पूरे दिन सभी मोर्चों पर महत्वपूर्ण आश्चर्यजनक घटनाओं के सामने आने की उम्मीद है। हालांकि उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इस्माइल खतीब कौन, जिसका इजरायल ने अब किया खात्मा; दो दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई
ये भी पढ़ें:कभी नहीं होना चाहिए था युद्ध, ईरान जंग रोकने के लिए आगे आया चीन; दिया ऑफर
ये भी पढ़ें:युद्ध के बीच संकटमोचक बना भारत! ईरान को भेजी जीवनरक्षक दवाइयां; गदगद हुआ तेहरान

इजरायल का दावा

इजरायल ने शुरुआत में यह कहा था कि उसने ईरानी नेतृत्व को कमजोर करने के उद्देश्य से किए गए एक हमले में लारीजानी सहित ईरान के दो शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को मार गिराया है। मोजतबा खामेनेई ने लारीजानी की हत्या पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि लारीजानी जैसी हस्ती की हत्या उनके महत्व और इस्लाम के दुश्मनों की उनके प्रति दुश्मनी को प्रमाणित करती है। उन्होंने लारीजानी को एक ज्ञान, दूरदर्शिता और बुद्धिमत्ता वाला व्यक्ति बताया। खामेनेई ने कहा कि दिवंगत सुरक्षा प्रमुख ने लगभग 5 वर्षों तक विभिन्न स्तरों पर इस्लामी व्यवस्था की सेवा की, जिससे वह एक प्रख्यात व्यक्तित्व के रूप में उभरे। उन्होंने अपने दुश्मनों को संदेश देते हुए कहा कि इस्लाम के दुश्मन यह जान लें कि इस्लामी व्यवस्था के विशाल पेड़ की जड़ों में ऐसे लोगों का खून बहने से यह और अधिक मजबूत ही होगा।

कौन थे अली लारीजानी?

67 वर्षीय अली लारीजानी को ईरान में दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बाद सबसे शक्तिशाली हस्तियों में से एक माना जाता था। उन्हें दिवंगत अली खामेनेई का सबसे भरोसेमंद और 'दाहिना हाथ' माना जाता था, जिनकी 28 फरवरी को एक इजरायली हमले में मौत हो गई थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।