india sends first medical aid to iran amid israel US conflict युद्ध के बीच 'संकटमोचक' बना भारत! ईरान को भेजी जीवनरक्षक दवाइयां; गदगद हुआ तेहरान, India News in Hindi - Hindustan
More

युद्ध के बीच 'संकटमोचक' बना भारत! ईरान को भेजी जीवनरक्षक दवाइयां; गदगद हुआ तेहरान

इजरायल और अमेरिका के साथ जारी युद्ध के भारी तनाव के बीच भारत ने ईरान को चिकित्सा सहायता की पहली खेप भेजी है। ईरानी दूतावास ने भारत के इस मानवीय कदम की सराहना करते हुए तहे दिल से आभार जताया है। पूरी खबर पढ़ें।

Wed, 18 March 2026 01:40 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
share
युद्ध के बीच 'संकटमोचक' बना भारत! ईरान को भेजी जीवनरक्षक दवाइयां; गदगद हुआ तेहरान

मध्य पूर्व में जारी भारी युद्ध के बीच, भारत ने एक बड़ा मानवीय कदम उठाते हुए ईरान को चिकित्सा सहायता की अपनी पहली खेप भेजी है। यह सहायता ऐसे समय में पहुंची है जब ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रही जंग अपने 19वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। भारत द्वारा भेजी गई चिकित्सा आपूर्ति और दवाइयां बुधवार को राजधानी तेहरान में ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंप दी गई हैं।

ईरान ने जताया भारत का आभार

इस मदद के पहुंचने पर भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए भारत सरकार और नागरिकों का शुक्रिया अदा किया। दूतावास ने बयान जारी करते हुए कहा- भारत के सम्मानित लोगों की ओर से चिकित्सा सहायता की पहली खेप ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को पहुंचा दी गई है। हम भारत के दयालु लोगों को तहे दिल से धन्यवाद देते हैं।

घायलों के इलाज में मिलेगी मदद

यह दवाइयां और चिकित्सा उपकरण ऐसे समय में भेजे गए हैं जब युद्ध और लगातार हो रहे हमलों के कारण प्रभावित इलाकों में घायलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहां के अस्पतालों और आपातकालीन टीमों पर भारी दबाव है, जिन्हें इस खेप से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले करीब तीन हफ्तों से ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है। मिसाइल और हवाई हमलों के कारण इस क्षेत्र में भारी जान-माल का नुकसान हो रहा है। हाल ही में ईरान के शीर्ष अधिकारियों के मारे जाने के बाद यह संघर्ष और भी हिंसक हो गया है, जिसका सबसे बुरा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।