संसद जाने को तैयार हो रही थीं सुनेत्रा, जब आई अजित पवार की खबर; यह फोटो साथ की आखिरी सभा
Ajit Pawar Sunetra Pawar: महाराष्ट्र के पंचायत चुनाव में प्रचार के लिए जा रहे एनसीपी अध्यक्ष और राज्य के डिप्टी सीएम अजित पवार की विमान हादसे में बारामती में मौत के बाद पत्नी राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार दिल्ली से लौटी हैं।

संसद के बजट सत्र के पहले दिन कार्यवाही में शामिल होने के लिए तैयार हो रहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार के लिए बुधवार की सुबह मनहूस खबर लेकर आई। सुनेत्रा के पति, एनसीपी अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में एक विमान हादसे में निधन हो गया। अजित पवार सुबह 8.10 बजे ही मुंबई से चार्टर्ड फ्लाइट से बारामती निकले थे, जहां उन्हें पंचायत चुनावों के सिलसिले में कुछ सभाओं में हिस्सा लेना था। यह फ्लाइट बारामती एयरपोर्ट के पास ही क्रैश हो गई, जिसमें पवार और सभी सवार लोगों का निधन हो गया है। चार दिन पहले शनिवार को बरामती में सुनेत्रा और अजित एनसीपी के चुनाव प्रचार के श्रीगणेश कार्यक्रम में साथ थे, जो अब दुर्भाग्य से उनकी एक साथ की आखिरी सभा बन गई है।
पवार परिवार के गढ़ बारामती की पंचायत समिति के चुनावों के लिए अजित पवार लगातार प्रचार में जुटे थे। शनिवार 24 जनवरी को बारामती इलाके में उनकी सभा आयोजित थी। अजित पवार, सुनेत्रा पवार ने बैठक की फोटो अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की थी और बताया था कि चुनाव प्रचार शुरू हो गया है। बारामती समेत राज्य की 125 पंचायत समिति और 12 जिला परिषद के लिए 5 फरवरी को मतदान होना है, जिनके नतीजे 7 फरवरी को आएंगे। बारामती पुणे जिला के तहत आने वाली एक पंचायत समिति है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर भी दोनों पुणे में थे। अजित ने जहां पुणे में झंडोत्तोलन किया, वहीं सुनेत्रा ने बारामती में।
शरद पवार की बनाई पार्टी पर जब अजित पवार ने कब्जा कर लिया तो चाचा और भतीजे के दल लोकसभा चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनकर एक-दूसरे से लड़े। पवार की विरासती सीट बारामती से शरद पवार की पार्टी से बेटी सुप्रिया सुले जबकि एनसीपी से अजित की पत्नी सुनेत्रा चुनाव लड़ी थीं। सुप्रिया ने डेढ़ लाख से अधिक वोटों के अंतर से अपने चचेरे भाई की पत्नी को हरा दिया था। बाद में सुनेत्रा राज्यसभा की सांसद बनकर दिल्ली पहुंचीं। अजित पवार के निधन की खबर सुनने के बाद सुनेत्रा और सुप्रिया दिल्ली से बारामती रवाना हो गई हैं। दोनों संसद सत्र में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में थीं। अजित और सुनेत्रा के दो बेटे पार्थ और जय पवार हैं।




साइन इन