ट्विशा की सास जज गिरिबाला ने सबूतों से छेड़छाड़ की कोशिश की, MP सरकार ने हाईकोर्ट को बताया
Twisha Sharma Death Case : मध्य प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट से गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द करने की गुहार लगाई है। राज्य सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हाईकोर्ट को बताया कि यह मानने का आधार है कि गिरिबाला सिंह को बहुत जल्दबाजी में जमानत दी गई थी।

मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट से ट्विशा के परिवार द्वारा लगाए उन आरोपों का संज्ञान लेने का अनुरोध किया है जिनमें कहा गया है कि गिरिबाला सिंह जांच में बाधा डालने की कोशिश कर रही थीं। इन आरोपों को पुलिस के इस बयान से भी बल मिला कि वह जांचकर्ताओं के साथ सहयोग नहीं कर रहीं। इसके बाद हाईकोर्ट ने गिरिबाला को नोटिस जारी कर दिया है। यह नोटिस राज्य सरकार की उस याचिका पर जारी किया गया, जिसमें सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका के आधार पर गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग की गई है। बेंच 25 मई को इस पर सुनवाई करेगी।
गिरिबाला को बहुत जल्दबाजी में जमानत दी गई थी : सरकार
द टाइम्स ऑफ इंडिया कि रिपोर्ट के अनुसार,पूर्व जज गिरिबाला पर ट्विशा की मौत के कुछ ही घंटों के भीतर कई प्रभावशाली लोगों और सीसीटीवी टेक्नीशियनों को फोन करने का आरोप है। इस बीच, मध्य प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट से गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग की है। इस अर्जी पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हाईकोर्ट को बताया कि यह मानने का आधार है कि गिरिबाला सिंह को बहुत जल्दबाजी में जमानत दी गई थी।
ट्विशा का पोस्टमॉर्टम 13 मई को भोपाल एम्स में हुआ था और गिरिबाला ने अगले ही दिन अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दे दी थी। उन्होंने बताया कि एक सेशंस कोर्ट ने 24 घंटे के भीतर ही उनकी अर्जी मंजूर कर ली थी।
मध्य प्रदेश सरकार ने CBI को सौंपी जांच
ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गईं थीं। उनके परिवार ने ट्विशा के ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, गिरिबाला सिंह ने दावा किया था कि ट्विशा को ड्रग्स लेने की लत थी। यह नोटिस ट्विशा के पति समर्थ सिंह को जबलपुर जिला कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किए जाने के बाद भेजा गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने अब इस मामले की जांच CBI को सौंप दी है।
भोपाल पुलिस ने मुझसे संपर्क नहीं किया : गिरिबाला सिंह
बता दें कि, ट्विशा शर्मा की कथित दहेज हत्या मामले में जमानत पर बाहर भोपाल जिला उपभोक्ता अदालत की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह ने शनिवार को कहा था कि वह इस मामले में अपना बयान दर्ज कराना चाहती हैं, लेकिन भोपाल पुलिस ने उनसे संपर्क नहीं किया है। घर के बाहर मौजूद भीड़ का हवाला देते हुए उन्होंने ने कहा कि वह अपने घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। गिरिबाला सिंह ने फोन पर 'पीटीआई' से कहा, ''मैं अपने घर से बाहर नहीं निकल सकती। कल उन्होंने मेरे वकील को कार से लगभग कुचल ही दिया था। इसलिए, मैं बिल्कुल भी बाहर नहीं निकल सकती।''




साइन इन