ट्विशा शर्मा की सास पर कसा कानून का शिंकजा, पुलिस ने गिरिबाला सिंह को घर जाकर थमाया हाईकोर्ट का नोटिस
ट्विशा शर्मा की मौत मामले में उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। समर्थ की गिरफ्तारी के बाद अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह को भी नोटिस भेज दिया है।

मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास एवं रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। समर्थ की गिरफ्तारी के बाद अब मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह को भी नोटिस भेज दिया है। शनिवार को एक पुलिस अधिकारी ने गिरिबाला सिंह के घर जाकर उन्हें हाईकोर्ट का नोटिस थमाया। ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल स्थित उसके ससुराल में मिला था।
गिरिबाला सिंह को नोटिस देने के बाद उनके घर से निकलते समय पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “मैं मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का नोटिस लेकर आया हूं। मेरे सीनियर अधिकारी आपको और जानकारी देंगे।"
पत्रकारों द्वारा जब उनसे यह पूछा गया कि क्या ये नोटिस गिरिबाला सिंह के लिए है, तो उन्होंने ‘हां’ में इसका जवाब दिया"
ट्विशा शर्मा केस के मुख्य आरोपी समर्थ सिंह का भाई सिद्धार्थ सिंह, जो इस मामले में खुद भी एक आरोपी है, वकीलों की एक टीम के साथ घर से बाहर निकलते हुए देखा गया।
फरार समर्थ सिंह कल जबलपुर कोर्ट से हुआ था गिरफ्तार
बता दें कि, मध्य प्रदेश सरकार पहले ही ट्विशा शर्मा केस की CBI जांच की सिफारिश कर चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी, उनके पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने जबलपुर कोर्ट से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने बताया कि उसे 24 घंटे के भीतर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हमने गिरिबाला सिंह को 3 नोटिस जारी किए हैं : पुलिस कमिश्नर
गिरिबाला सिंह द्वारा भोपाल पुलिस के इस दावे से इनकार करने पर कि उन्होंने उन्हें 3 नोटिस भेजे हैं, भोपाल के पुलिस कमिश्नर ने कहा, “हमने उन्हें तीन नोटिस जारी किए हैं... अब अगर वह इससे इनकार कर रही हैं, तो यह एक अलग बात है। लेकिन हमने नोटिस तामील कराए हैं... उन पर गंभीर अपराधों का आरोप है। इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है... हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द उनसे पूछताछ की जाए... हमें एक प्रक्रिया का पालन करना होता है। हमने कोर्ट में अग्रिम ज़मानत रद्द करने के लिए भी एक नोटिस लगाया है... इसमें कोई चूक नहीं है। हमने अपनी जांच निष्पक्ष और पूरी तरह से सही तरीके से की है, और सब कुछ रिकॉर्ड पर है।”
समर्थ को 24 घंटे में कोर्ट में पेश कर देंगे : पुलिस कमिश्नर
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया, “आरोपी समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमारी पुलिस टीम इस पूरी प्रक्रिया को संभाल रही है। हमें उसे 24 घंटे के भीतर कोर्ट में पेश करना है, इसलिए हम उसे तय समय के भीतर कोर्ट में पेश करेंगे।”
इस मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होगी
इस बीच, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने शुक्रवार को ट्विशा शर्मा के पिता और राज्य सरकार की तरफ से दायर याचिकाओं पर नोटिस जारी किया। इन याचिकाओं में निचली अदालत द्वारा गिरिबाला सिंह को दी गई अग्रिम जमानत का विरोध किया गया था। ट्विशा शर्मा के परिवार के वकील एडवोकेट अंकुर पांडे ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होगी।
नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से शादी की थी। 12 मई को उनकी मौत के बाद उनके परिवार ने उनके पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।




साइन इन