MP में रील बनाने के चक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौत, 2 घायल; खड़े ट्रेलर में जा घुसी बाइक
मौके पर एक पिस्टल भी पड़ी मिली है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, साथ ही पिस्टल का भी रहस्य पता लगाने की कोशिश कर रही है।

मध्य प्रदेश के मऊगंज में मंगलवार को रील बनाने की सनक में एक भीषण और बेहद दर्दनाक हादसा हो गया, इस दौरान बेहद तेज रफ्तार से जा रही दो बाइक्स सड़क पर खड़े एक ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो सगे भाई जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटनास्थल से एक पिस्टल भी पड़ी मिली है, जिसके बारे में पता लगाने की कोशिश पुलिस कर रही है।
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार को मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया नेशनल हाईवे पर हुआ। जिसमें दो मोटर साइकिलों पर सवार 5 लोग हादसे का शिकार हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन युवक नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे, युवक जिस बाइक पर सवार थे, उसकी रफ्तार काफी ज्यादा थी और साथ ही वे मोबाइल पर रील भी बना रहे थे।
रील बनाने के चक्कर में भटका ध्यान
इसी बीच उनका ध्यान भटक गया और बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े ईंट से भरे एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। इसी दौरान पीछे से अपाचे बाइक पर सवार दो सगे भाई भी आ रहे थे, और वो भी उसी ट्रेलर से जाकर टकरा गए। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, और तीनों सड़क पर जा गिरे। पल्सर सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अपाचे में सवार दोनों भाई बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए मऊगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए, उन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में दो सगे भाई हुए घायल, हालत गंभीर
घटना की जानकारी लगते ही मऊगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना में मारे गए युवकों की पहचान 17 वर्षीय उपलक्ष कोल, 22 वर्षीय अमरीश कोल और 17 वर्षीय हेमराज कोल के रूप में हुई है। ये तीनों लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला के रहने वाले थे। जबकि इस घटना में मऊगंज थाना क्षेत्र के चितपुरवा गांव के रहने वाले दो सगे भाई प्रशांत द्विवेदी और प्रदीप द्विवेदी बुरी तरह से घायल हो गए।
मौके से बरामद पिस्टल बनी पुलिस के लिए रहस्य
मौके पर एक पिस्टल भी पड़ी मिली है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, साथ ही पिस्टल का भी रहस्य पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह घटना उन सभी युवाओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है, जो सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज के लिए सड़क पर रील बनाते हैं, और अपनी जान जोखिम में डालते हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर देरी से आने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनास्थल से पुलिस थाना मात्र 5 किलोमीटर दूर था, फिर भी पुलिस खबर देने के घंटेभर बाद आई।
रिपोर्ट: सादाब सिद्दीकी




साइन इन