उज्जैन में तीन मंजिला इमारत अचानक भर-भराकर गिरी, वीडियो में देखें मंजर
उज्जैन में एक बड़ा हादसा टल गया। तीन मंजिला इमारत अचानक भर-भराकर गिर गई। गनीमत रही कि इमारत में कोई नहीं था। इस घटना का मंजर सामने आया है।

मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब धाबा रोड स्थित गेबी हनुमान मंदिर के पास एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
उज्जैन नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर संतोष टैगोर के मुताबिक, यह मकान पहले से जर्जर स्थिति में था और प्रशासन ने इसे चिन्हित कर दोपहर में ही बैरिकेडिंग करवा दी थी। एहतियात के तौर पर मकान को खाली भी करा लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना का खौफनाक मंजर सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पानी जमा होने से मकान की नींव कमजोर
उन्होंने बताया कि जब प्रशासन की टीम इमारत को गिराने की प्रक्रिया में जुटी थी, उसी दौरान यह अचानक ढह गई। पहले से ही इलाके को खाली करा लेने के कारण कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। वहीं, मकान मालिक मनोज भवसार ने बताया कि घटना शाम करीब 6 बजे हुई। उनके अनुसार, नाले की अत्यधिक खुदाई और लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण मकान की नींव कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ।
प्रभावित परिवार को मदद
घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मकान खाली नहीं कराया जाता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।




साइन इन