वकील पति को शिलांग ले जाकर खत्म करने की कोशिश, इंदौर में फिर राजा रघुवंशी जैसा कांड
मध्य प्रदेश में एक बार फिर राजा रघुवंशी हत्याकांड की यादें ताजा हो गईं। एक पत्नी अपने पति को शिलांग ले जाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। गनीमत रही कि पति की जान बच गई। पत्नी की इस साजिश में उसका प्रेमी भी शामिल था।

मध्य प्रदेश में एक बार फिर राजा रघुवंशी हत्याकांड की यादें ताजा हो गईं। एक पत्नी अपने पति को शिलांग ले जाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। गनीमत रही कि पति की जान बच गई। पत्नी की इस साजिश में उसका प्रेमी भी शामिल था।
इंदौर शहर में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि खुड़ैल थाना क्षेत्र से उससे मिलती-जुलती एक और सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश हो गया। इस बार किस्मत ने पति का साथ दिया और समय रहते उसने मौत की साजिश को भांप लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी, भरोसा और रिश्तों की आड़ में एक खतरनाक खेल रचा जा रहा था।
जहर देकर मौत के घाट उतारने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक एक महिला ने अपने प्रेमी को भाई बताकर एक वकील से शादी रचाई और बाद में उसे शिलांग घुमाने के बहाने ले गई। आरोप है कि वहां खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसकी हत्या की कोशिश की गई। तबीयत बिगड़ने और खून आने की शिकायत के बाद वकील को शक हुआ और धीरे-धीरे साजिश की परतें खुलती चली गईं। शिकायत पर पुलिस ने नीलिमा सेंगर (निवासी उत्तर प्रदेश) और उसके साथी शुभम सेंगर उर्फ गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
तलाकशुदा बताकर रचाई शादी
पीड़ित वकील ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात महिला से एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी। महिला ने खुद को तलाकशुदा बताया और बातचीत के बाद दोनों ने सहमति से विवाह कर लिया। शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद शुभम नामक युवक का घर आना-जाना बढ़ गया। पूछने पर महिला ने उसे अपना भाई बताया, जिससे उस समय कोई संदेह नहीं हुआ।
कोर्ट के दस्तावेजों ने पलट दी पूरी कहानी
शक होने पर वकील ने महिला के अतीत की जांच शुरू की और कोर्ट से तलाक से जुड़े दस्तावेज निकलवाए। यहीं से असली सच सामने आया। महिला के पहले पति ने कोर्ट में स्पष्ट किया था कि जिसे वह भाई बताती है, वही उसका प्रेमी है। इतना ही नहीं, शुभम का सरनेम भी सेंगर नहीं बल्कि गुप्ता निकला। दस्तावेजों ने रिश्तों के नाम पर रची गई पूरी साजिश उजागर कर दी।
पोल खुलते ही जेवर लेकर फरार
पुलिस के अनुसार जब महिला को अंदेशा हुआ कि उसका राज खुल चुका है तो वह लाखों रुपए के जेवर और कीमती सामान लेकर फरार हो गई। फोन पर हुई बातचीत में उसने प्रेमी को भाई बताने की बात स्वीकार भी की। प्रारंभिक जांच में मामला धन के लिए रची गई सुनियोजित साजिश प्रतीत हो रहा है, जिसमें शादी के जरिए भरोसा जीतकर संपत्ति और जेवर हड़पने की योजना बनाई गई थी।
शिलांग में रची गई मौत की स्क्रिप्ट
कुछ समय बाद महिला पति को शिलांग घूमने ले गई। आरोप है कि घूमने के दौरान एक दिन खाने में संदिग्ध पदार्थ देने के बाद वकील की तबीयत अचानक बिगड़ गई और खून आने लगा। यहीं से उसे अपनी जान पर खतरे का एहसास हुआ। पत्नी ने जहर देने से इनकार किया, लेकिन फरियादी को यकीन हो गया कि उसके साथ गंभीर साजिश रची गई है। उसे आशंका है कि सुनसान इलाके में ले जाकर खाई में धक्का देकर हत्या करने की योजना बनाई गई थी, ठीक राजा रघुवंशी कांड की तर्ज पर।
आरोपियों की तलाश जारी
जांच अधिकारी एसआई सत्येंद्र सिंह सिसोदिया के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस हत्या के प्रयास और आर्थिक धोखाधड़ी दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।




साइन इन