भिंड में पेड़ से टकराई श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत; मंदिर का दर्शन करने जा रहे थे सभी
चश्मदीदों ने बताया कि वाहन काफी तेज गति में था। मंदिर के सामने अचानक मोड़ लेने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दंदरौआ हनुमान मंदिर के दर्शन करने के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना दर्दनाक था कि पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला और एक बच्चा सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के यूटीला थाना क्षेत्र के टिहोली गांव निवासी प्रीतम सिंह मांझी (55) अपने बेटे सुनील मांझी समेत अन्य ग्रामीणों के साथ उत्तर प्रदेश के पशु हाट में पशु खरीदने जा रहे थे। इस दौरान पिकअप वाहन में उनके अलावा उपेंद्र राणा, रामरूप सिंह बघेल, आसाराम बघेल, मनोज जाटव, एक महिला और एक बच्चा सहित कुल आठ श्रद्धालु सवार थे। सभी मंगलवार सुबह करीब 4 बजे गांव से निकले थे।
पशु मेले पहुंचने से पहले हुई मंदिर के दर्शन की इच्छा
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश जाने से पहले सभी श्रद्धालु दंदरौआ हनुमान मंदिर में दर्शन करना चाहते थे। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही वाहन मंदिर के गेट के सामने पहुंचा, चालक ने अचानक वाहन मोड़ने और रोकने का प्रयास किया। लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और पिकअप सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी।
वाहन पलटा और चीख पुकार मच गई
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पलट गया और उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे में प्रीतम सिंह मांझी, उनके बेटे सुनील मांझी और उपेंद्र राणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामरूप सिंह बघेल, आसाराम बघेल और मनोज जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।
काफी तेज गति से जा रहा था वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन काफी तेज गति में था। मंदिर के सामने अचानक मोड़ लेने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद टिहोली गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।




साइन इन