PM Calls for Fuel Conservation, Yet BJP Leader Arrives with a Convoy of Hundreds of Vehicles PM दे रहे ईंधन बचाने की सलाह, उधर MP में पदभार ग्रहण करने सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर पहुंचे BJP नेता, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

PM दे रहे ईंधन बचाने की सलाह, उधर MP में पदभार ग्रहण करने सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर पहुंचे BJP नेता

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को एकबार फिर वैश्विक हालातों को देखते हुए लोगों से बचत के अपने प्रयासों को और तेज करने की अपील की थी। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा उपयोग करने की अपनी अपील को दोहराया था।

Tue, 12 May 2026 12:44 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल, मध्य प्रदेश
share
PM दे रहे ईंधन बचाने की सलाह, उधर MP में पदभार ग्रहण करने सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर पहुंचे BJP नेता

पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध की स्थिति से उपजे वैश्विक तेल संकट के बीच एक तरफ जहां प्रधानमंत्री लोगों से पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधनों की खपत कम करने, कार पूलिंग करने, गैर जरूरी होने पर वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने और सादगी अपनाने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी यही बात उन्हीं की पार्टी के नेताओं को समझ नहीं आ रही है, और वो जाने-अनजाने इसका जमकर मखौल उड़ा रहे हैं। इसका नजारा हाल ही में मध्य प्रदेश में उस वक्त देखने को मिला, जब एक भाजपा नेता उन्हें मिले पद को ग्रहण करने राजधानी भोपाल पहुंचे। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन करने के लिए वे अपने साथ सैकड़ों (150 से ज्यादा) गाड़ियों का काफिला भी साथ लेकर आए थे।

दरअसल मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में विभिन्न निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां की थीं। इसी दौरान उज्जैन के मंगरोला के रहने वाले सौभाग्य सिंह ठाकुर को राज्य शासन ने मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष बनाया था। उसी पदभार को ग्रहण करने के लिए वे सोमवार को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से अपने समर्थकों के साथ भोपाल पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों गाड़ियों का काफिला भी साथ आया था, जिसमें उनके समर्थक सवार थे। भोपाल पहुंचने पर उन्होंने पाठ्य पुस्तक निगम का पदभार ग्रहण किया और इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री निवास आकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार भी व्यक्त किया था।

उज्जैन से लेकर भोपाल तक रास्ते में कई जगह लगा जाम

वाहनों की भारी संख्या की वजह से उज्जैन से भोपाल के रास्ते में सौभाग्य सिंह ठाकुर के काफिले के कारण कई जगहों पर लंबा जाम लग गया। भीषण गर्मी में जाम के कारण वाहनों में सवार यात्री और खासकर बच्चे, बुजुर्ग परेशान होते नजर आए। उधर राजधानी भोपाल में भी भाजपा कार्यालय से लेकर बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल के सामने से लेकर अरेरा हिल्स तक जाम लगता रहा और वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते दिखे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP में एक IPS समेत चार पुलिसकर्मियों पर लूट व डकैती का केस, अदालत ने दिया समन

कांग्रेस ने भी शेयर किया वीडियो, उठाए सवाल

उधर कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को हाथोंहाथ लेते हुए भाजपा नेता का जिक्र कर पीएम मोदी पर निशाना साधा। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'BJP नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष बने। फिर क्या.. भौकाल जमाने के लिए सौभाग्य सिंह ने उज्जैन से भोपाल तक गाड़ियों का लंबा काफिला निकाल दिया। एक तरफ नरेंद्र मोदी देश को पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने का ज्ञान देते हैं, दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता अपील की धज्जियां उड़ाते हैं। ये दिखाता है कि नरेंद्र मोदी को सारा त्याग जनता से ही चाहिए। बाकी सत्ता में बैठे लोग मौज मारें.. इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता।'

इस महीने की शुरुआत में मिला था पद

ठाकुर वर्तमान में विद्या भारती मालवा प्रांत के प्रांत अध्यक्ष भी हैं। उन्हें इस महीने की पहली तारीख यानी 1 मई को इस पद पर नियुक्त किया गया था। जिसके 9 दिन बाद वे पदभार ग्रहण करने अपने काफिले को साथ लेकर यहां आए थे। उनके साथ आए सैकड़ों की संख्या में वाहनों को शक्ति प्रदर्शन व भौकाल दिखाने के तौर पर देखा जा रहा है। उनके इस काफिले के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें बताया जा रहा है कि एक तरफ प्रधानमंत्री ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन खुद भाजपा नेता ही उनकी इस अपील को नहीं मान रहे हैं और उन पर ही यह अपील बेअसल हो गई है। हालांकि इस मामले को लेकर अबतक भाजपा नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भोजशाला विवाद : ASI की सर्वे रिपोर्ट पक्षपात पूर्ण व निराधार, HC से मुस्लिम पक्ष

पीएम ने सोमवार को एकबार फिर की अपील

प्रधानमंत्री के अलावा राज्य के मुख्यमंत्री ने भी अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों, पार्टी नेताओं और आम जनता से पीएम की अपील पर अमल करते हुए वाहनों के गैर जरूरी इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कहा था। इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने एकबार फिर वैश्विक हालातों को देखते हुए लोगों से बचत के अपने प्रयासों को और तेज करने की अपील की थी। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा उपयोग करने की अपनी अपील को दोहराया था, साथ ही विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से सोने की खरीद कुछ समय के लिए टालने और विदेश की बजाय भारत में ही घूमने जाने व डेस्टिनेशन वेडिंग करने की अपील की थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बाबा के बुलावे पर आ पाई… महाकाल का आशीर्वाद लेने पहुंची तमन्ना भाटिया
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।