भोपाल का साइको हमलावर पकड़ाया, 4 महिलाओं पर कर चुका था हमला;पुलिस ने रखा था 20 हजार का इनाम
भोपाल के अलग-अलग इलाकों में धारदार हथियार से महिलाओं पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सड़कों पर अकेली चल रही महिलाओं पर हमले की चार अलग-अलग घटनाएं हुई थीं।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में राह चलती युवतियों पर धारदार हथियार से हमला करने वाले एक इनामी बदमाश को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस आरोपी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि आरोपी 'सीरियल कटर' की तलाश में पुलिस ने लगभग 900 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगाली और लगभग 600 पुराने बदमाशों से पूछताछ की, इसके बाद लगभग 100 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तब जाकर सफलता उनके हाथ लगी।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की बाइक का नंबर मिल गया था। उसी के जरिए वह आरोपी तक पहुंच सकी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) अवधेश गोस्वामी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि आरोपी की पहचान सागर जिले के राहतगढ़ निवासी देवेन्द्र अहिरवार (37) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे तीन दिन की रिमांड पर ले लिया है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने 29 जनवरी की रात पिपलानी क्षेत्र में राह चलती तीन महिलाओं और अयोध्या नगर क्षेत्र में एक लड़की पर पेपर कटर से हमला किया था।
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पिपलानी और अयोध्या नगर थाने में अलग-अलग चार मामले दर्ज किए गए थे। गोस्वामी ने बताया कि आरोपी आदतन बदमाश है और उसने भोपाल के अतिरिक्त सागर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसी ही चार घटनाओं को भी अंजाम दिया था। हालांकि उन मामले का खुलासा नहीं हो सका था। जिसकी वजह से उसके हौंसले बुलंद हो गए थे और उसने भोपाल में भी युवतियों को कटर मारना शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराध शाखा की 40 टीमें बनाई गईं और लगभग 150 से अधिक पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी सबूत जुटाने सहित अन्य कार्यों में लगाया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी भोपाल की घटना को अंजाम देकर पुलिस से बचने के लिए घर में छिप गया था लेकिन इसके बाद बुधवार की रात एकबार फिर जब वह वारदात की मंशा से निकला, तो पुलिस पहले से सड़कों पर मुस्तैद थी। इसी वजह से पुलिस टीम ने उसे बाइक नंबर के आधार पर घेराबंदी कर धर दबोचा। गोस्वामी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को अयोध्या बायपास के छोला मंदिर क्षेत्र से आरोपी को पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी देवेंद्र नशीले पदार्थों का सेवन भी करता था साथ ही अश्लील कंटेंट देखने का आदी भी था। उसने पूछताछ में नशा करने की बात स्वीकार की है। अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।




साइन इन