Police registers case against cow owner for beheading calf in Tikamgarh MP MP में मरे हुए बछड़े का सिर काटकर गाय के सामने टांगने वाले शख्स पर FIR, उसने बताई चौंकाने वाली वजह, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP में मरे हुए बछड़े का सिर काटकर गाय के सामने टांगने वाले शख्स पर FIR, उसने बताई चौंकाने वाली वजह

पड़ोसियों की मदद से इस बात की जानकारी बजरंग दल के सदस्यों तक पहुंची, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और उन्होंने देखा कि बछड़े के सिर की खाल में भूसा भरा हुआ था, और सामने दुधारू गाय बंधी हुई थी। इस अमानवीय तरीके को देखकर कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।

Tue, 3 Feb 2026 09:19 PMSourabh Jain एएनआई, टीकमगढ़, मध्य प्रदेश
share
MP में मरे हुए बछड़े का सिर काटकर गाय के सामने टांगने वाले शख्स पर FIR, उसने बताई चौंकाने वाली वजह

मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पर पुलिस ने गाय का दूध निकालने के लिए उसके मरे हुए बछड़े के साथ क्रूरता करने वाले गाय मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी शख्स ने बछड़े का सिर काटकर उसे गौशाला में लटका दिया था, ताकि उसे देखकर गाय भ्रम में रहे और दूध देती रहे। यह घटना टीकमगढ़ शहर के बैकुंठ मोहल्ले में सामने आई और इसके बारे में लोगों को तब पता चला जब स्थानीय लोगों ने इसे देखा और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इस बारे में सूचना दी। जिसके बाद उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस तक इस बारे में शिकायत पहुंची, जिसके बाद उसने ऐक्शन लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर गाय को बचा लिया है। मामले की जानकारी देते हुए टीकमगढ़ के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) विक्रम सिंह कुशवाहा ने कहा, 'हमने आरोपी सत्येंद्र यादव के खिलाफ पशु क्रूरता कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है और गाय को एक शेल्टर में भेज दिया गया है। साथ ही उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।'

पुलिस के अनुसार, आरोपी सत्येंद्र यादव दूध बेचता है और अपने घर पर गाय और भैंस पालता है। उसकी एक गाय का बछड़ा कुछ दिन पहले बीमारी से मर गया था। बछड़े की मौत के बाद गाय ने दूध देना बंद कर दिया था। जिसके बाद आरोपी ने गाय को भ्रम में रखने के लिए मृत बछड़े का सिर काट दिया और उसमें भूसा भरकर उसे गौशाला की दीवार पर लटका दिया ताकि उसे जिंदा समझकर गाय फिर से दूध देने लगे।

पड़ोसियों की मदद से इस बात की जानकारी बजरंग दल के सदस्यों तक पहुंची, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और उन्होंने देखा कि बछड़े के सिर की खाल में भूसा भरा हुआ था, और सामने दुधारू गाय बंधी हुई थी। गाय मालिक के दूध निकालने के लिए अपनाए गए इस अमानवीय तरीके को देखकर बजरंग दल कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उसी कटे हुए बछड़े का सिर लेकर वो चकरा तिराहे पर पहुंच गए और वहां पहुंचकर उन्होंने ट्रैफिक जाम कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MP में लॉ छात्र ने RTI के तहत मांगी सूचना, बिजली कंपनी बोली- पहले 4 लाख जमा कराओ
ये भी पढ़ें:महीनों तक कोमा में रहा, अब तोड़ा दम; MP जहरीले कफ सिरप का शिकार बना एक और मासूम
ये भी पढ़ें:मैं भारत सरकार से रोप-वे की अनुमति लेकर आया हूं; शिवराज ने किस शहर को दी खुशखबरी

इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बात करते हुए उन्हें कानून के तहत कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क से जाम हटा लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और गोवध से जुड़े कानून के तहत मामला दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही गाय को आरोपी के घर से हटाकर गौशाला भेज दिया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।