भोपाल के सराफा व्यापारी को लॉरेंस गैंग की धमकी, फोन कर मांगे 10 करोड़
भोपाल के कोलार में एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। फोन करने वाला अपने आपको लॉरेंस गैंग का आदमी बता रहा है।

भोपाल के कोलार में एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। फोन करने वाला अपने आपको लॉरेंस गैंग का आदमी बता रहा है। धमकियों से हैरान-परेशान दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
नजरअंदाज करने पर फिर दी धमकियां
कोलार कारोबारी को ये फोन कॉल 18 मार्च को आए थे। धमकी देने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया। उसने धमकाते हुए कहा- मैं लॉरेंस गैंग से जुड़ा आदमी हूं। गौरव जैन को 10 करोड़ रुपये तैयार रखने होंगे। शिकायत करने वाले को लगा कोई मजाक कर रहा है, उसने फोन कॉल को फर्जी समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन 20 मार्च को दोबारा फोन आया और गाली-गलौज के साथ पैसों की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई और जांच शुरू हुई।
पहले भी लोगों को मिल चुकी हैं धमकियां
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमपी के कारोबारियों को लॉरेंस गैंग से धमकियां मिल रही हैं। एक महीने के अंदर यह चौथा मामला है। इसके पहले तुकोगंज इलाके के रियल स्टेट कारोबारी संजय जैन को धमकी मिली थी। उस दौरान भी लॉरेंस गैंग के आदमी होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
दिलीप के घर हुई थी गोलीबारी
एक अन्य मामले में खरगौन जिले के किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस घटना को बाइक सवार तीन बदमाशों ने अंजाम दिया था। घटना के बाद इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली थी। करीब एक महीने पहले एक अन्य कारोबारी को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जहां उससे 10 करोड़ के रिश्वत की मांग की गई थी।
कौन है लॉरेंस विश्नोई गैंग
लॉरेंस विश्नोई भारत का एक कुख्यात गैंगस्टर है। इसकी जड़ें पंजाब और राजस्थान से जुड़ी मानी जाती हैं। वह छात्र राजनीति से अपराध की दुनिया में आया और धीरे-धीरे उसने संगठित गैंग तैयार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, अवैध हथियार और धमकी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसका नाम कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सामने आया है, जिससे वह देशभर में चर्चित हुआ।




साइन इन