Himachal Budget 2026: चिट्टा रोकने को 1000 कांस्टेबलों की होगी भर्ती, 12 करोड़ का खेल प्लान?
Himachal Budget 2026: प्रदेश में चिट्टा जैसे नशे के खिलाफ अभियान को तेज करने के लिए पुलिस विभाग में 1000 अतिरिक्त कांस्टेबल भर्ती करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा पुलिस बल को और मजबूत करने के लिए 50 महिला सब-इंस्पेक्टरों की सीधी भर्ती भी की जाएगी।

Himachal Budget 2026: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वित्त वर्ष 2026–27 का बजट पेश करते हुए सामाजिक सुरक्षा, नशामुक्ति, पुलिस सुदृढ़ीकरण, धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक विकास से जुड़े कई अहम ऐलान किए हैं। प्रदेश में चिट्टा जैसे नशे के खिलाफ अभियान को तेज करने के लिए पुलिस विभाग में 1000 अतिरिक्त कांस्टेबल भर्ती करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा पुलिस बल को और मजबूत करने के लिए 50 महिला सब-इंस्पेक्टरों की सीधी भर्ती भी की जाएगी।
हेड कांस्टेबल की परीक्षा भी करवाई जाएगी
मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कहा कि पुलिस कर्मचारियों की पदोन्नति समय पर सुनिश्चित करने के लिए कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पद के लिए परीक्षा भी करवाई जाएगी, जो वर्ष 2017 के बाद नहीं हो सकी थी। आपातकालीन सेवा 112 को और सुदृढ़ किया जाएगा। अब चिट्टा तस्करी से जुड़ी जानकारी भी इस नंबर पर दी जा सकेगी और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग “साइबर मित्र योजना” शुरू करेगा, जिसके तहत तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
12 करोड़ में होंगी तीन स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं
युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से “खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान” शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत 12 करोड़ रुपये की लागत से तीन स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 50 हजार युवा भाग लेंगे। ब्लॉक और जिला स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। इसके अलावा हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के करेड़ी में मल्टी पर्पज स्पोर्ट्स सेंटर विकसित किया जाएगा।
शिमला में बढ़ती भीड़ कम करने का खास प्लान
औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नई औद्योगिक नीति लाने और एक फ्लैगशिप पॉलिसी लागू करने की भी घोषणा की गई है, जिससे प्रदेश में निवेश बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया जाएगा। शिमला शहर में बढ़ती भीड़ को कम करने के लिए पुलिस के कम्युनिकेशन और टेक्निकल मुख्यालय को शिमला से हमीरपुर स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य कार्यालयों को भी शिफ्ट किया जाएगा।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन