जहां मिलेंगे बाबू सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना; MP में वैलेंटाइन डे पर लट्ठों को तेल पिला शिव सेना का ऐलान
मध्य प्रदेश के सागर शहर में वैलेंटाइन डे के विरोध को लेकर शिवसेना ने दमखम के साथ मोर्चा खोल दिया है। शिवसैनिक सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर पहुंचे, जहां पंडित–पुरोहित की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच लट्ठों में चमेली और सरसों का तेल चढ़ाकर पूजन किया गया।

मध्य प्रदेश के सागर शहर में वैलेंटाइन डे के विरोध को लेकर शिवसेना ने दमखम के साथ मोर्चा खोल दिया है। शिवसैनिक सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर पहुंचे, जहां पंडित–पुरोहित की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच लट्ठों में चमेली और सरसों का तेल चढ़ाकर पूजन किया गया। इसके बाद शिवसैनिकों ने शहर के पार्क, होटल और धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर चस्पा किए, जिनमें 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाने का विरोध दर्ज कराया गया है। इसी दौरान नारेबाजी भी की गई और कहा गया, 'जहां मिलेंगे बाबू सोना तोड़ देंगे कोना कोना'।
शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि 14 फरवरी को मनाया जाने वाला वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं है। उनका आरोप है कि कुछ युवक-युवतियां पाश्चात्य संस्कृति का अनुसरण करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय आचरण करते हैं, जिसे शिवसैनिक बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 14 फरवरी को कोई कपल सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता करते पाया गया तो मौके पर ही उनकी शादी करवा दी जाएगी।
वहीं शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि शिवसेना हर वर्ष वैलेंटाइन डे का विरोध करती आई है और इस बार भी विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रेम की आड़ में अश्लीलता फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए लट्ठ पूजन किया गया है। साथ ही होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी गई है कि यदि 14 फरवरी को किसी प्रकार के फूहड़ या अश्लील कार्यक्रम आयोजित किए गए तो शिवसैनिक विरोध करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विरोध के दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति बनती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित आयोजकों की होगी। पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शहर में वैलेंटाइन डे को लेकर माहौल गरमाता नजर आ रहा है।




साइन इन