ट्विशा मौत केस: लंबी लुका-छिपी के बाद हिरासत में आरोपी पति, अब खुलेंगे कई राज!
मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में शुक्रवार को एक नया मोड़ सामने आया है। ट्विशा का आरोपी पति समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में शुक्रवार को एक नया मोड़ सामने आया है। ट्विशा का आरोपी पति समर्थ सिंह सरेंडर करने जबलपुर कोर्ट पहुंचा तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। समर्थ ने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दी हुई थी। समर्थ ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान अपने वकील के जरिए सरेंडर करने के लिए कहा था। इससे पहले समर्थ ने अग्रिम जमानत याचिका भी वापस ले ली थी। समर्थ सिंह के वकील जयदीप कौरव ने सरेंडर करने की जानकारी दी थी। समर्थ ट्विशा की मौत के बाद से ही करीब 10 दिनों से फरार चल रहा था और उसपर पुलिस ने ईनाम भी घोषित किया हुआ था।
आपको बता दें कि निचली कोर्ट से कोई राहत नहीं मिलने के बाद समर्थ ने गुरुवार को मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। भोपाल में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जबकि उनकी मां गिरिबाला सिंह को राहत दे दी थी।
दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा
वहीं मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने आज ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की उसके परिजनों की मांग को स्वीकार कर लिया है। परिजन दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की लगातार मांग कर रहे थे। कोर्ट ने कहा है कि ट्विशा के पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम को राज्य में लाया जाए।
सीबीआई जांच की सिफारिश
ट्विशा की मौत के मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को केंद्र से सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी। ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। वहीं, ट्विशा की सास ने आरोप लगाया है कि ट्विशा ड्रग एडिक्ट थीं और उसका बर्ताव भी शादी के बाद बदल गया था। वहीं ट्विशा के परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही समर्थ का व्यवहार संदिग्ध था और वह ड्रग एडिक्ट है।
पति और सास को जिम्मेदार ठहरा रहे परिजन
ट्विशा का परिवार उसके पति समर्थ सिंह और रिटायर्ड जज सास गिरिबाला को मौत का जिम्मेदार ठहरा रहा है। परिवार का आरोप है कि समर्थ और उसकी मां ट्विशा के साथ बेहद भद्दा व्यवहार करते थे। परिवार का कहना है कि ट्विशा के ससुरालवाले शादी के बाद से ही लगातार उसे परेशान कर रहे थे और अक्सर उसकी एजुकेशन पर भी सवाल उठाते थे जबकि वह एमबीए डिग्री होल्डर थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन