दतिया में मानवता शर्मसार! कचरा वाहन में रखा महिला का शव; JCB से ही डाल दी मिट्टी
समाज सेवियों के फोन के बाद भी मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। काफी देर बाद नगर परिषद ने अपना कचरा वाहन भेज दिया। नगर परिषद का कोई कर्मचारी साथ भी नहीं था तो वहां मौजूद लोगों ने कचरा वाहन में महिला का शव रखवा दिया।

जिले के इंदरगढ़ तहसील में स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। इंदरगढ़ में कुछ दिनों से एक अर्ध विक्षिप्त महिला रह रही है। उसकी सुबह मौत हो गई। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि भूख और ठंड के वजह से उसकी मौत हो गई। लोगों ने सड़क पर उसकी लाश देखी तो लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद को उसकी सूचना दी।
समाज सेवियों के फोन के बाद भी मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। काफी देर बाद नगर परिषद ने अपना कचरा वाहन भेज दिया। नगर परिषद का कोई कर्मचारी साथ भी नहीं था तो वहां मौजूद लोगों ने कचरा वाहन में महिला का शव रखवा दिया।
दफनाने के लिए जेसीबी से गड्डा खोदा
पोस्टमार्टम के बाद जब कर्मचारी महिला के शव को दफनाने पहुंचे तो एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं को झकझोर करने वाली तस्वीरें सामने आई। शव को दफनाने के लिए जेसीबी से गड्डा खोदा गया। गड्डा खोद कर शव के ऊपर कपड़ा डाल कर हाथों से मिट्टी डालने के बजाए जेसीबी से मिट्टी डाल कर शव को दफना खानापूर्ति कर दी गई। जब ये तस्वीरें सामने आई तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बगलें झांकने लगे।
महिला का शरीर अत्यधिक कमजोर
इंदरगढ़ थाना प्रभारी टीआई गौरव शर्मा ने बताया कि महिला पिछले तीन चार दिनों से क्षेत्र में घूमती दिखाई दे रही थी। प्रारंभिक जांच में भूख, प्यास और ठंड के कारण मौत की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉक्टर नरेंद्र वर्मा ने भी महिला के शरीर को अत्यधिक कमजोर बताया।
रिपोर्ट: अमित कुमार




साइन इन