mp datia former bsp leader tied and beaten forced to say Chandrashekhar and Mayawati zindabad slogans threat given दतिया में पूर्व BSP नेता को बंधक बनाकर पीटा, चंद्रशेखर-मायावती जिंदाबाद के लगवाए नारे, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

दतिया में पूर्व BSP नेता को बंधक बनाकर पीटा, चंद्रशेखर-मायावती जिंदाबाद के लगवाए नारे

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी राजा अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का जुलूस भी निकाला गया। बाकी साथियों की तलाश की जा रही है। राजा सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग चलता है और क्षेत्र में दबंगई करता है।

Thu, 22 Jan 2026 11:42 AMUtkarsh Gaharwar लाइव हिन्दुस्तान, दतिया
share
दतिया में पूर्व BSP नेता को बंधक बनाकर पीटा, चंद्रशेखर-मायावती जिंदाबाद के लगवाए नारे

दतिया में विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व बसपा नेता के साथ बंधक बनाकर मारपीट की गई है। कपड़े उतार दिए, आरोपियों ने वीडियो बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने तक की धमकी दी। कमथरा निवासी पीड़ित लोकेंद्र अहिरवार ने बुधवार रात को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। लोकेंद्र ने शिकायत में बताया कि 2023 में बसपा से विधानसभा का चुनाव लड़ा था,इसके बाद से चंद्रप्रकाश अहिरवार और उमेश अहिरवार राजनीतिक रंजिश रखने लगे। इसी के चलते 4 घंटे बंधक बनाकर पीटा और इसका वीडियो भी बना लिया।

लोकेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी राजा अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का जुलूस भी निकाला गया। बाकी साथियों की तलाश की जा रही है। राजा सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग चलता है और क्षेत्र में दबंगई करता है। लोकेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह मंडी बड़ौनी क्षेत्र में मौजूद था तभी चंद्रप्रकाश अहिरवार और उमेश अहिरवार आए और पार्टी करने का कहकर बड़ौनी स्थित एक डेरे पर ले गए लेकिन यहां किसी भी तरह की पार्टी नहीं थी। कुछ ही देर में राजा अहिरवार, ठाकुरदास अहिरवार, राजदीप अहिरवार और एक अन्य युवक मौके पर पहुंच गए।

सभी ने लोकेंद्र से राजनीतिक गतिविधियों और टिप्पणियों को लेकर सवाल जवाब किए। इसके बाद मायावती और चंद्रशेखर आजाद जिंदाबाद के नारे लगवाए। विरोध करने पर उसे जबरन रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की। चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। मारपीट से शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। लोकेंद्र का आरोप है कि राजा अहिरवार ने हथियार दिखाकर डराया। जबरन वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बाद में पीड़ित के मोबाइल से भी वीडियो पोस्ट करवाया गया। इस दौरान पैसों की मांग की गई। पैसे देने से इनकार करने पर दोबारा मारपीट की।

रिपोर्ट- अमित कुमार

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।