Hail to fall in some areas, storms to rage in others, weather remain unsettled for 3 days in MP कहीं गिरेंगे ओले, कहीं चलेगी आंधी; MP में 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज, जानिए अपने इलाके का हाल, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कहीं गिरेंगे ओले, कहीं चलेगी आंधी; MP में 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज, जानिए अपने इलाके का हाल

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 25 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने, तेज हवाएं चलने व बिजली गिरने का अनुमान लगाया है। साथ ही 4 जिलों में ओले गिरने की आशंका भी जताई है।

Tue, 7 April 2026 03:10 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल, मध्य प्रदेश
share
कहीं गिरेंगे ओले, कहीं चलेगी आंधी; MP में 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज, जानिए अपने इलाके का हाल

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम विभाग ने देश के अन्य राज्यों के साथ ही मध्य प्रदेश में भी अगले तीन दिन मौसम बिगड़ने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी व बारिश होने से लेकर बिजली गिरने व ओले गिरने तक की घटनाएं हो सकती हैं। IMD के अनुसार इस विक्षोभ का असर 9 अप्रैल तक रहेगा। इसके बाद 11 अप्रैल से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तरी भारत में सक्रिय होने की संभावना है। जिसका असर हिमालयीन इलाकों में ज्यादा दिखाई देगा। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 25 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने, तेज हवाएं चलने व बिजली गिरने का अनुमान लगाया है। साथ ही 4 जिलों में ओले गिरने की आशंका भी जताई है।

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार 7 अप्रैल को प्रदेश के विदिशा, राजगढ़, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान झंझावत आने और बिजली गिरने के साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा मंगलवार को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना जिलों में ओले गिरने की आशंका है।

शिवपुरी में आंधी आई और गिरा जोरदार पानी

प्रदेश के शिवपुरी जिले में मंगलवार दोपहर तेज आंधी के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। सुबह से ही शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे, जिसके बाद दोपहर में तेज गति की आंधी चली और वर्षा शुरू हो गई। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ों पर पक्षियों द्वारा बनाए गए घोंसले उड़ गए। तेज हवा के चलते शहर के कुछ हिस्सों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई। मौसम विभाग के अनुसार अभी भी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

बुधवार 8 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सतना, पन्ना, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, उमरिया, शहडोल, सीधी, अनूपपुर और सिंगरौली जिलों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान यहां बिजली गिरने के साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा बुधवार को राज्य के चार जिलों दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओले गिरने की आशंका भी है।

गुरुवार 9 अप्रैल के लिए मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी हिस्से के 9 जिलों में बारिश होने का अनुमान लगाया है। इस दौरान प्रदेश के सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, सीधी और सिंगरौली जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की उम्मीद है। साथ ही इस बीच यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं भी चलने व बिजली गिरने का भी अनुमान लगाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भोजशाला में गूंजा हनुमान चालीसा, हिंदू पक्ष की दलील यह मस्जिद नहीं सरस्वती मंदिर

सोमवार को नर्मदापुरम रहा सबसे गर्म

सोमवार को प्रदेश के ग्वालियर व जबलपुर संभागों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई, जबकि बाकी सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान मटियारी 3 मिमी, सेंवढ़ा में 2 मिमी, ग्वालियर 1.8 मिमी और भितरवार में 1 मिमी पानी गिरा। इसके अलावा बीते दिन प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं, तत्पश्चात अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि की संभावना जताई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शाह बानो पर किताब लिखने आई महिला ने भीड़ पर पिटई का आरोप लगाया, पुलिस का इनकार

सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर-पूर्वी पाकिस्तान और उससे सटे अफगानिस्तान के ऊपर औसत समुद्र तल से लगभग 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई के मध्य, साथ ही मध्योपरी क्षोभमंडल में एक ट्रफ के रूप में लगभग 66 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में 5.8 किमी की ऊंचाई तक विस्तृत है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर, औसत समुद्र तल से लगभग 1.5 किमी की ऊंचाई तक एक प्रेरित ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण फैला हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 11 अप्रैल 2026 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झोपड़ी में चल रहा था ‘भ्रूण लिंग परीक्षण’, राहगीर ने किया भांडाफोड़
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।