ग्वालियर-भिंड-इटावा NH-719 बनने जा रहा फोरलेन, टेंडर जारी; क्या-क्या फायदें?
राजमार्ग को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लगातार फॉलोअप के बाद नई गति मिली है। इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई लगभग 117 किलोमीटर रहने की बात कही जा रही है। फोर लेन होने से वाहनों की गति बढ़ेगी, जिससे ग्वालियर से इटावा के बीच यात्रा समय में भारी गिरावट आएगी।

ग्वालियर-भिंड-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग NH-719 के उन्नयन और निर्माण को लेकर वर्षों से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होता दिखाई दे रहा है। यानी लंबे समय से ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का केंद्र रहे ग्वालियर-भिण्ड-इटावा मार्ग का कायाकल्प होने जा रहा है। भिंड जिले से गुजरने वाले ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 के फोरलेन विस्तार का काम लंबे समय से लंबित है।
करीब एक दशक से अधर में लटकी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। लंबे समय से बदहाल सड़क, गड्ढों और बढ़ती दुर्घटनाओं के कारण चर्चा में रहे इस राजमार्ग को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लगातार फॉलोअप के बाद नई गति मिली है। इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई लगभग 117 किलोमीटर रहने की बात कही जा रही है। फोर लेन होने से वाहनों की गति बढ़ेगी, जिससे ग्वालियर से इटावा के बीच यात्रा समय में भारी गिरावट आएगी।
वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा
ग्वालियर-चंबल अंचल की लाइफलाइन माने जाने वाले इस मार्ग की खराब स्थिति को लेकर पिछले वर्ष भिंड में व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला था। 17 जून 2025 को साधु-संतों, सामाजिक संगठनों और नागरिक प्रतिनिधियों के एक दल ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात कर सड़क निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई थी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया था कि जर्जर सड़क के कारण प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
NHAI को सौंप दी गई थी जिम्मेदारी
मुलाकात के बाद सिंधिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा कर मामले को प्राथमिकता से उठाया। इसके बाद 31 मार्च 2026 को उन्होंने दिल्ली में गडकरी से दोबारा मुलाकात कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और शीघ्र स्वीकृति तथा निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया। लगातार प्रयासों का परिणाम यह रहा कि परियोजना को मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम MPRDC से हटाकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंप दिया गया। इसके बाद तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी आई और अब टेंडर जारी होने के साथ निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है।
व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को नई गति
यह राष्ट्रीय राजमार्ग ग्वालियर और भिंड के साथ उत्तर प्रदेश के इटावा को भी बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही लाखों लोगों की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम हो सकेगी। अब क्षेत्र के लोगों की निगाहें टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द शुरू होने वाले निर्माण कार्य पर टिकी हैं।
रिपोर्ट - अमित
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन