MP: भिंड में बेकाबू बस ने बाइक सवारों को रौंदा; 3 की मौत, बाइक को 5 KM तक घसीटा
एमपी के भिंड के उमरी क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

मध्य प्रदेश के भिंड के उमरी थाना क्षेत्र में शनिवार को दोपहर के वक्त एक भीषण सड़क हादसा हुआ जहां एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार 4 युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 3 युवकों की जान चली गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। टक्कर के बाद चालक बाइक को करीब 5 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया और बाद में बस छोड़कर फरार हो गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां सुविधाओं की कमी के चलते चौथे युवक को ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस मृतकों की पहचान करने और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
तीन की मौत, एक गंभीर जख्मी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भिंड के उमरी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार 4 युवकों को सामने से टक्कर मार दी। इसमें 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। इसके बाद बस चालक बाइक को अपने वाहन के नीचे फंसाए हुए किशोर सिंह के पुरा से उमरी कस्बे तक करीब 5 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया।
चालक फरार
इस दौरान सामने से आ रही एक कार सवार ने बस का पीछा किया और उसे रोकने की कोशिश की। कई बार हॉर्न बजाने के बावजूद बस चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने लगा। कुछ दूर जाकर वह रुक गया। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद घबराए यात्री उतरकर इधर-उधर भागने लगे, जिसका फायदा उठा कर चालक फरार हो गया।
मौके पर ही तोड़ा दम
घटना नेशनल हाईवे 552 पर किशोर सिंह का पुरा गांव के नजदीक करीब दोपहर 1:30 बजे की है। बताया जाता है कि बाइक पर सवार 4 युवक जा रहे थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को रौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों को जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान एक और युवक की मौत हो गई।
एक की हालत नाजुक
चौथा युवक अभी भी गंभीर हालत में है। उसे बेहतर इलाज के लिए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। मृतक और घायल युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। तीन युवकों की मौत हो चुकी है जबकि एक का इलाज जारी है। मामले की जांच की जा रही है।




साइन इन