ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने विदाई के वक्त मांगे थे 2 लाख रुपये, CBI की FIR से बड़ा खुलासा
Twisha Sharma Death Case: मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा मौत केस में नया खुलासा हुआ है। ट्विशा और समर्थ की शादी दिसंबर में हुई थी। इस वक्त विदाई के दौरान ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने 2 लाख रुपये की मांग की थी। ये आरोप CBI द्वारा दर्ज की गई FIR में लगाया गया है।

Twisha Sharma Death Case: मॉडल और एक्टर ट्विशा शर्मा मौत केस में नया खुलासा हुआ है। ट्विशा और समर्थ की शादी दिसंबर में हुई थी। इस वक्त विदाई के दौरान ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने 2 लाख रुपये की मांग की थी। ये आरोप CBI द्वारा दर्ज की गई FIR में लगाया गया है। सीबीआई ने भोपाल पुलिस से केस लेने के बाद नई एफआईआर दर्ज की थी। इसमें दहेज हत्या का केस दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू की गई है।
CBI ने इन धाराओं में दर्ज की FIR
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, सीबीआई ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 3(5) के साथ-साथ दहेज निषेद अधिनियम के सेक्शन 3 और 4 के तहत एफआईआर दर्ज की है। 25 मई 2026 को दर्ज एफआईआर के मुताबिक, ट्विशा और समर्थ की शादी 9 दिसंबर 2025 को हुई थी। शादी के बाद से उनकी सास गिरिबाला सिंह समेत पूरे परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा है।
सास ने विदाई के वक्त मांगे थे 2 लाख रुपये
एफआईआर में बताया गया है कि गिरिबाला सिंह ने विदाई के दौरान ट्विशा के परिवार से 2 लाख रुपये की मांग की थी। इस रकम को पीड़ित के परिवार ने दिया था। CBI अब इस मामले में दहेज हत्या, प्रताड़ना, साजिश और दूसरे संभावित अपराधों की जांच कर रही है। आरोप है कि ट्विशा को लगातार मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। इसमें सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ को आरोपी बनाया गया है।
दहेज-प्रताड़ना बनाम ड्रग्स एडिक्शन के आरोप
12 मई को 33 साल की ट्विशा शर्मा भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थीं। उनके परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास, पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। हालांकि, सिंह परिवार ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि ट्विशा ड्रग्स की लत से जूझ रही थीं।
पति की फरारी और ट्विशा की पोस्टमॉर्टम पर सवाल
ट्विशा की मौत के बाद उनके पति समर्थ सिंह फरार हो गए थे, लेकिन करीब 10 दिन बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर बढ़ते विवाद और लोगों के गुस्से के बीच मध्य प्रदेश सरकार ने जांच CBI को सौंप दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया कि ट्विशा जिंदा रहते हुए फंदे पर लटकी थीं। रिपोर्ट में उनके शरीर पर कुछ चोटों के निशान भी मिले, जिनके किसी भारी चीज या हमले से होने की आशंका जताई गई।
दूसरा पोस्टमॉर्टम और सुप्रीम कोर्ट का स्वतः संज्ञान
ट्विशा के परिवार ने पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे। इसके बाद मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने AIIMS दिल्ली के डॉक्टरों की टीम से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया। मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। कोर्ट ने कहा कि दोनों परिवार बिना जरूरत मीडिया में बयान दे रहे हैं। साथ ही मीडिया से भी रिपोर्टिंग में संयम बरतने की अपील की गई है।




साइन इन